राज्यपाल ने स्कूली बच्चों को पौधा भेंटकर उसे लगाने व देखरेख करने का दिया संदेश
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 26 जनवरी 2026 - राज्यपाल रमेन डेका की पहल पर लोक भवन की गतिविधियों से जनसामान्य विशेषकर विद्यार्थियों को जोड़ने के उद्देश्य से लोक भवन का भ्रमण कराया जा रहा है।
इसी कड़ी में बेमेतरा जिले के राज्यपाल गोद ग्राम टेमरी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के 50 छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के साथ शनिवार को लोक भवन का भ्रमण किया तथा राज्यपाल से प्रत्यक्ष संवाद किया।
उल्लेखनीय है कि इस ग्राम को राज्यपाल ने गोद लिया है। विद्यार्थियों ने लोक भवन परिसर स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम, उदंती परिसर, कन्हार परिसर, डिस्पेंसरी उद्यान साहित सचिवालय की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने राज्यपाल से उनके जीवन, शिक्षा एवं करियर से जुड़े रोचक प्रश्न पूछे, जिनका राज्यपाल ने सहज और प्रेरक तरीके से उत्तर दिया। राज्यपाल रमेन डेका ने बच्चों को लक्ष्य निर्धारण, धैर्य, अनुशासन और मेहनत के महत्व के बारे में मार्गदर्शन दिया।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों से कहा कि स्कूली जीवन सर्वश्रेष्ठ होता है, इसका आनंद उठाएं, अच्छे से पढ़ाई करें। यदि इस समय नींव मजबूत होगी, तो आगे का जीवन भी सफल रहेगा। उन्होंने बच्चों को मेहनत, धैर्य और दृढ़ता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी विद्यार्थियों को पौधे भेंट किए और उन्हें घर, स्कूल तथा गांव में पौधारोपण कर उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया।