बेरला में तीन दिवसीय मंडाई मेला का आयोजन 17 से 19 जनवरी तक
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 12 जनवरी 2026 - बेमेतरा जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने बेरला नगर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय मंडाई मेला के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु महत्वपूर्ण चर्चा की।
बेरला नगर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 17 जनवरी से 19 जनवरी 2026 तक तीन दिवसीय मंडाई मैदान (दैहान) नगर बेरला में मंडाई मेला का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण अंचल से महिला पुरुष के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। इस मौके पर अध्यक्ष मंडाई समिति सदस्य, जन प्रतिनिधि व समस्त नगर वासी बेरला के प्रतिनिधियों, जिनमें विशाल राज देशलहरे अध्यक्ष नगर पंचायत बेरला और अन्य शामिल थे, ने पुलिस कार्यालय में एसएसपी रामकृष्ण साहू से मुलाकात कर आयोजन के लिए आमंत्रण दिया और पुलिस बल की आवश्यकताओं पर चर्चा की। इस अवसर पर एसडीओपी बेरला विनय कुमार, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का, निरीक्षक सोनल ग्वाला मौजुद रहें।
एसएसपी रामकृष्ण साहू ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान कानून व्यवस्था को बनाए रखना प्राथमिकता होगी। उन्होंने मंडाई मेला स्थल और उसके आस-पास के ग्रामों की सुरक्षा का जायजा लेते हुए उचित पुलिस बल तैनात करने का आश्वासन दिया। इस आयोजन में भारी संख्या में आमजन मानस के शामिल होने की संभावना को ध्यान में रखते हुए, पुलिस प्रशासन पूरी तरह से तैयार रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि शांति एवं सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि आमजन मानस सुरक्षित वातावरण में कार्यक्रमों का आनंद उठा सकें। आगामी मंडाई मेला जिले का एक प्रमुख आयोजन होने के साथ-साथ सामुदायिक एकजुटता का प्रतीक भी है और इसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस टीम पूरी मुस्तैदी से तैयार है।