राज्य स्तरीय रोजगार मेले में युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

सेजबहार रायपुर में 29 से 31 जनवरी तक होगा आयोजन, बेमेतरा जिले के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 30 जनवरी को 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 28 जनवरी 2026 - छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय रोजगार मेला–2026” का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला 29, 30 एवं 31 जनवरी 2026 को शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, सेजबहार, रायपुर में आयोजित होगा। इस राज्य स्तरीय रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की तकनीकी एवं गैर-तकनीकी कंपनियों द्वारा लगभग 15000 पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन प्रत्यक्ष साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। यह मेला प्रदेश के शिक्षित एवं प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार प्राप्त करने का एक बड़ा अवसर साबित होगा। 
   राज्य स्तरीय रोजगार मेले के अंतर्गत बेमेतरा जिले के अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार की तिथि 30 जनवरी 2026 (शुक्रवार) निर्धारित की गई है। बेमेतरा जिले के सभी पात्र एवं इच्छुक आवेदकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि को रोजगार मेले में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। रोजगार मेले में सहभागिता हेतु अभ्यर्थियों का ऑनलाइन रोजगार पंजीयन एवं रोजगार मेला पंजीयन छत्तीसगढ़ शासन के पोर्टल erojgar.cg.gov.in पर अनिवार्य है। जिन आवेदकों ने अब तक रोजगार पंजीयन या रोजगार मेला हेतु पंजीयन नहीं कराया है, वे पोर्टल पर जाकर शीघ्र पंजीयन कर सकते हैं। 
        अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि को अपने समस्त शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित स्थल पर उपस्थित होना होगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय बेमेतरा से संपर्क कर सकते हैं।