जिले में जमीन की गाइडलाइन दरों के पुनरीक्षण की प्रक्रिया जारी

उप जिला स्तर पर समीक्षा कार्य प्रगतिरत 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 14 जनवरी 2026 - जिले में जमीन की सरकारी दरों (गाइडलाइन) के पुनरीक्षण को लेकर आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया निरंतर प्रगतिरत है। शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत भूमि की गाइडलाइन दरों का परीक्षण एवं प्रस्ताव पहले उप जिला मूल्यांकन समिति द्वारा किया जाता है, जिसके पश्चात जिला मूल्यांकन समिति द्वारा अनुमोदन उपरांत प्रस्ताव केन्द्रीय मूल्यांकन समिति को प्रेषित किया जाता है। महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक छत्तीसगढ़ रायपुर द्वारा 03 जनवरी 2025 को जारी पत्र के परिपालन में कलेक्टर बेमेतरा द्वारा उप जिला मूल्यांकन समिति के अध्यक्षों एवं अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को नवीन गाइडलाइन दरों की समीक्षा कर संशोधन प्रस्ताव भेजने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इस संबंध में कलेक्टर कार्यालय (पंजीयन शाखा) बेमेतरा द्वारा दिनांक 12 जनवरी 2026 को संबंधित अधिकारियों को पत्र प्रेषित किया गया है। 
       वर्तमान में उप जिला मूल्यांकन समितियों द्वारा गाइडलाइन दरों के पुनरीक्षण एवं समीक्षा की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। जैसे ही उप जिला स्तर से प्रस्ताव प्राप्त होंगे, जिला मूल्यांकन समिति की बैठक आयोजित कर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा बताया गया कि गाइडलाइन दरों के निर्धारण की प्रक्रिया चरणबद्ध एवं नियमानुसार की जा रही है, ताकि सभी पहलुओं का संतुलित परीक्षण सुनिश्चित किया जा सके।