जिला पंचायत सीईओ श्रीमती प्रेमलता पद्माकर ने बेरला के भालेसर एवं कोहड़िया में उपस्थित होकर ग्रामीणों से किया प्रत्यक्ष संवाद

मनरेगा रोजगार एवं आवास दिवस में ग्रामीणों को रोजगार, आवास एवं आजीविका योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 07 जनवरी 2026 - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के मार्गदर्शन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बेमेतरा श्रीमती प्रेमलता पद्माकर के नेतृत्व में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें अधिक से अधिक लाभान्वित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना, आजीविका डबरी निर्माण, विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण), मनरेगा अंतर्गत रोजगार के अवसर तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। 

ग्राम पंचायतों में अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी 
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती प्रेमलता पद्माकर ने जनपद पंचायत बेरला के ग्राम पंचायत भालेसर एवं कोहड़िया में उपस्थित होकर ग्रामीणों से प्रत्यक्ष संवाद किया। उन्होंने शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। 

(VB-G-RAM-G) : रोजगार एवं आजीविका की गारंटी 
कार्यक्रम में ग्रामीणों को विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। इसके तहत 125 दिनों का गारंटीकृत रोजगार, बेरोजगारी भत्ता, नए स्वीकृत कार्य, श्रमिकों के अधिकार एवं अन्य प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को इस योजना से जुड़कर अपनी आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। 

प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी 
आवास दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास निर्माण हेतु मिलने वाली वित्तीय सहायता, पात्रता, प्रक्रिया एवं समय-सीमा की जानकारी दी गई। हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध आवास निर्माण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

जल संरक्षण पर विशेष जोर 
रोजगार दिवस के दौरान जल संरक्षण को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्रामीणों को बताया गया कि जल संरक्षण से भविष्य की जल जरूरतों को सुरक्षित किया जा सकता है। रिचार्ज पिट निर्माण की तकनीक, इसके लाभ एवं इससे भूजल स्तर बढ़ाने में मिलने वाली सहायता की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर रिचार्ज पिट बनाकर वर्षा जल संरक्षण में योगदान दें। 

आजीविका डबरी से बढ़ेगी ग्रामीण आय 
कार्यक्रम में आजीविका डबरी निर्माण के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। ग्रामीणों को बताया गया कि डबरी निर्माण से जल संरक्षण, सिंचाई सुविधा, मछली पालन एवं पशुपालन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे उनकी आजीविका सुदृढ़ होगी। मनरेगा के तहत आजीविका डबरी निर्माण के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता की जानकारी देकर ग्रामीणों को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। 

बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण रहे उपस्थित 
इस अवसर पर दीप्ति मंडावी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बेरला, नवीन साहू एपीओ जिला पंचायत, शत्रुघ्न निषाद डीसी जिला पंचायत, विष्णु साहू एसबीएम जिला पंचायत, असित गोलछा अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा बेरला, अरविंद कश्यप कार्यक्रम अधिकारी जनपद पंचायत बेरला, वर्षा शर्मा आवास, स्वाति ताम्रकार, शीतल, अरुण तकनीकी सहायक, पीआरपी एनआरएलएम, ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में मनरेगा के पंजीकृत श्रमिक उपस्थित रहे।
   कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों में योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा अधिक से अधिक लोगों को रोजगार, आवास एवं आजीविका से जोड़ने की दिशा में सार्थक पहल की गई।