एसएसपी बेमेतरा के निर्देशन में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के यातायात जागरूकता हेतु वॉकथॉन/एरोबिक्स एवं जुंबा कार्यक्रम का आयोजन
बेमेतरा में ‘सड़क सुरक्षा’ के लिए उमड़ा उत्साह, वॉकथॉन/एरोबिक्स एवं जुंबा के माध्यम से दिया गया सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 11 जनवरी 2026 - राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव एवं डीएसपी (मुख्यालय) राजेश कुमार झा के मार्गदर्शन में यातायात कार्यालय बेमेतरा परिसर में वॉकथॉन/एरोबिक्स एवं जुंबा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर डीएसपी (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, यातायात प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, खेल एवं युवा कल्याण सहायक जिला खेल अधिकारी उपेन्द्र सिंह, सउनि मोहन लाल साहू, कंवल सिंह नेताम, माधव सिंह साहू, प्रधान आरक्षक वर्षा चौबे एवं निधि दुबे सहित जिले के समस्त पुलिस स्टाफ, शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे एवं मीडिया बंधु उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत बेमेतरा यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने हेतु यह एक अनोखी पहल रही। कार्यक्रम के दौरान एरोबिक्स एवं जुंबा डांस के माध्यम से स्वास्थ्य, मनोरंजन एवं जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। जुंबा प्रशिक्षक निधि दुबे द्वारा पुलिसकर्मियों एवं स्कूली बच्चों को जुंबा के माध्यम से व्यायाम कराया गया।
इसके पश्चात यातायात कार्यालय परिसर से वॉकथॉन रैली प्रारंभ होकर भारत माता चौक, जय स्तंभ चौक, परशुराम चौक एवं सिग्नल चौक होते हुए पुनः यातायात कार्यालय परिसर में सम्पन्न हुई। “कदम से कदम मिलाकर” चलते हुए अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने आमजन को यह संदेश दिया कि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव हेतु यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर एसएसपी बेमेतरा रामकृष्ण साहू (IPS) ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वस्थ शरीर एवं सजग मस्तिष्क ही सुरक्षित ड्राइविंग का आधार है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु बेमेतरा पुलिस द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विगत वर्ष लगातार चलाए गए जागरूकता अभियानों एवं प्रवर्तन कार्यवाही के परिणामस्वरूप सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु एवं घायलों की संख्या में कमी आई है।
बेमेतरा पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील
#ट्रैक्टर, पिकअप एवं मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाएं।
#नशे की हालत में वाहन न चलाएं और न ही किसी नशे में व्यक्ति को वाहन चलाने दें।
#दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें।
#चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य लगाएं।
#तेज गति से वाहन न चलाएं एवं वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें।
#निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
ये मूल बातें सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में सहायक हैं और आपकी एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करती हैं। बेमेतरा पुलिस के साथ सहयोग कर एक सुरक्षित यातायात वातावरण के निर्माण में सहभागी बनें।
इस आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि आम नागरिकों को मानसिक एवं व्यवहारिक रूप से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।