जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने नववर्ष पर कलेक्टर एवं एसएसपी से की शिष्टाचार भेंट

कलेक्टर को पदभार व नववर्ष की दी बधाई, धान खरीदी व जिले के विकास पर हुई चर्चा 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 05 जनवरी 2026 - जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने आज बेमेतरा की नवनियुक्त कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं से शिष्टाचार भेंटकर उन्हें बेमेतरा जिला का दायित्व संभालने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने नववर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं भी प्रेषित की और जिले के समग्र विकास को लेकर सकारात्मक चर्चा की। कलेक्टर से मुलाकात के दौरान जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने धान खरीदी व्यवस्था, किसानों को हो रही समस्याओं, उपार्जन केंद्रों की स्थिति, टोकन प्रणाली तथा किसानों को समय पर सुविधा उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बेमेतरा जिला कृषि प्रधान क्षेत्र है, ऐसे में किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए, इसके साथ ही बेमेतरा जिले के विकास, ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तिवारी ने जिले को आगे बढ़ाने के लिए प्रशासनिक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने भी जिला पंचायत के साथ समन्वय बनाकर जनहित के कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने की बात कही और जिले के विकास के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया। 
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से भी की शिष्टाचार मुलाकात  
कलेक्टर से मुलाकात के पश्चात जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने बेमेतरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू से भी शिष्टाचार भेंट की और नववर्ष की बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से नए वर्ष में जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने की कामना की। मुलाकात के दौरान जिले की कानून-व्यवस्था, ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा, महिला सुरक्षा, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना प्रशासन और पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने भी नववर्ष की शुभकामनाएं स्वीकार करते हुए कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक समन्वय के साथ निरंतर प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि “प्रशासन, पुलिस और जनप्रतिनिधियों के आपसी सहयोग और समन्वय से ही जिले का समग्र विकास संभव है। नए वर्ष में हम सभी मिलकर बेमेतरा को शांति, सुरक्षा और प्रगति के पथ पर आगे ले जाने का संकल्प लें।”