मंदिर का पाटोत्सव एवं श्री सीताराम विवाहोत्सव का होगा तीन दिवसीय आयोजन
आयोजन में होगा चुलमाटी, अभिषेक, राजगद्दी, राजतिलक, बसंत उत्सव, भण्डारा प्रसादी, बारात, विवाह महोत्सव
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 03 जनवरी 2026 - श्रीराम हर्षण कुंज साजा में मंदिर का पाटोत्सव तथा श्री सीताराम विवाहोत्सव का आयोजन 21, 22 और 23 जनवरी को हर्षोल्लास के साथ संपन्न होगा। आयोजन की भव्य तथा व्यापक तैयारिया की जा रही हैं।
धर्म नगरी साजा में सन् 2006 बसंत पंचमी में मंदिर की स्थापना काल से ही प्रतिवर्ष बसंत पंचमी को मंदिर का वार्षिकोत्सव तथा दूसरे दिन श्री सीताराम विवाहोत्सव का आयोजन बड़े धूमधाम से किया जाता है। इस वर्ष यह आयोजन 21 से 23 जनवरी को संपन्न होगा। आयोजन में परमपूज्य स्वामी अयोध्यादास महाराज की विशेष उपस्थिति होगी। साथ ही अनेक तीर्थ स्थानों के संत, महंत पधारेंगे।
तीन दिवसीय आयोजनो में
प्रथम दिन 21 जनवरी को शाम 6 बजे मटखोर (चुलमाटी) की लीला होगी।
22 जनवरी को सुबह 9.30 बजे से प्रभुजी का पावन अभिषेक होगा। जल, दूध, दही, घृत, शर्करा, मधु, अनेक सुगंधित द्रव्यों, दिव्य औषधियों से वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ ठाकुर जी का अभिषेक किया जायेगा। इसी दिन रात्रि 7 बजे राजगद्दी महोत्सव होगा। श्री जानकी जीवन लाल जू को सिंहासन में आसीन कर छत्र, चॅवर के साथ राजतिलक किया जायेगा। राजा राम की जय जयकार की जायेगी, इनकी शोभा, सौंदर्य के पदों का गायन किया जायेगा, न्यौछावरी लुटायी जायेगी।
23 जनवरी को सुबह 9.30 बजे बसंत उत्सव मनाया जायेगा। अयोध्या से आये स्वरूप भगवानों द्वारा फूलों की होली खेली जायेगी। सुबह 11.30 बजे भण्डारा प्रसादी होगी। दोपहर 1.30 बजे श्रीरामहर्षण कुंज से बारात प्रस्थान करेगी। रथ, बग्घी, घोड़ा में सजी बारात नगर भ्रमण कर वापस श्रीरामहर्षण कुंज पहुॅचेगी। रात्रि 7 से 10 बजे तक विवाह की रस्में निभायी जायेंगी।
श्री छग रामहर्षण सेवा संस्थान एवं श्री सीता राम विवाह महोत्सव समिति आयोजन की तैयारी में लगी हुयी है। क्षेत्र में प्रचार प्रसार सामग्री पहुंचायी जा रही है, साथ ही समिति के लोग भ्रमण कर आयोजन का आमंत्रण दे रहे हैं। आयोजन में अयोध्या, मिथिला, चित्रकूट, वृंदावन, पौड़ीधाम, प्रयागराज, वाराणसी, हरिद्वार सहित देश के अनेक तीर्थस्थलों के साधु, संत, महात्मा, श्रद्धालु उत्साह के साथ भाग लेते हैं। महंत वैष्णव दास ने भक्तों से आयोजन में पधारने का निवेदन किया है।