बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने बाबा गुरु घासीदास की जयंती के पावन अवसर पर जिले एवं प्रदेशवासियों को दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 17 दिसंबर 2025 - बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने महान समाज सुधारक, संत शिरोमणि और आध्यात्मिक चेतना के प्रतीक बाबा गुरु घासीदास की जयंती के पावन अवसर पर जिले एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
विधायक दीपेश साहू ने अपने संदेश में कहा कि बाबा गुरु घासीदास केवल एक संत नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना के ऐसे महान प्रवर्तक थे, जिन्होंने सत्य, अहिंसा, समानता और मानवता के मूल्यों को जन-जन के जीवन से जोड़ा। उनका अमर उद्घोष “मनखे-मनखे एक समान” आज भी सामाजिक न्याय, समरसता और भाईचारे का सबसे सशक्त संदेश है।
उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास ने छत्तीसगढ़ की धरती पर सामाजिक और आध्यात्मिक जागरण की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कुरीतियों, भेदभाव और अंधविश्वास के विरुद्ध आवाज उठाकर समाज को आत्मसम्मान, नैतिकता और मानवीय गरिमा का बोध कराया। उनका जीवन करुणा, सहिष्णुता, प्रेम और सत्यनिष्ठा का जीवंत उदाहरण है।
विधायक श्री साहू ने आगे कहा कि आज जब समाज अनेक चुनौतियों से गुजर रहा है, ऐसे समय में बाबा गुरु घासीदास के विचार और आदर्श पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही एक समतामूलक, शांतिपूर्ण और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण संभव है।
अंत में विधायक दीपेश साहू ने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे बाबा गुरु घासीदास के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और सामाजिक समरसता, शांति एवं सौहार्द के साथ एक समृद्ध, समावेशी और सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनें।