राज्य सरकार ने 5 जिलों में लिमिट एवं टोकन को बढ़ाया, जिसमे खाद्य मंत्री के गृह जिला बेमेतरा शामिल नहीं होना है आश्चर्य - जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा

राज्य सरकार ने 5 जिलों में लिमिट एवं टोकन को बढ़ाया, जिसमे खाद्य मंत्री के गृह जिला बेमेतरा शामिल नहीं होना है आश्चर्य - जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा 

धान खरीदी लिमिट एवं टोकन को लेकर आशीष छाबड़ा ने कलेक्टर को लिखा पत्र 

किसानों की समस्या लिमिट एवं टोकन को लेकर किसी प्रकार की पहल न किया जाना स्वतः दर्शाता है भाजपा की सोच को 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 17 दिसम्बर 2025 - जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने बेमेतरा कलेक्टर को पत्र लिखा। जिसमें उन्होंने प्रतिदिन धान खरीदी के लिए निश्चित किए गए लिमिट एवं टोकन की मात्रा को बढ़ाए जाने को लेकर कलेक्टर से राज्य स्तर पर समन्वय स्थापित करके पहल करने के लिए कहा है। ज्ञात हो कि धान खरीदी की अंतिम तिथि समीप आ रही है और बेमेतरा जिले में जितने धान की खरीदी अब तक हुई है और इसी अनुपात में आगामी दिनों में खरीदी किया जाना है, वह इस लिमिट एवं टोकन से संभव ही नहीं है। 
     राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ के 5 जिलों में खरीदी की लिमिट एवं टोकन को बढ़ाया है, उसमें बेमेतरा जिला नहीं है, जबकि बेमेतरा जिला छत्तीसगढ़ के खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल का गृह जिला है, ऐसे में अब तक बेमेतरा जिले में लिमिट एवं टोकन को लेकर किसी प्रकार की पहल न किया जाना भी अपने आप में भाजपा की सोच को दर्शाता है। 
    जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने कहा है कि प्रशासन बढ़-चढ़कर जिस प्रकार से दावा कर रही है कि 24 घंटे टोकन काटने की सुविधा किसानों को दी गई है, वह कोरा झूठ है। वास्तविकता यह है कि मात्र दो एकड़ से कम खेती करने वाले किसानों को ही यह सुविधा का लाभ मिल पा रहा है, जबकि जिले के अधिकांश ग्रामों में 2 एकड़ खेती से अधिक के किसानों के धान अब तक नहीं बिक पाए हैं और इनकी संख्या इतनी अधिक है कि शासन द्वारा निर्धारित की गई अंतिम तिथि तक इन किसानों के धान बिक पाएंगे यह संभव ही नहीं है। भाजपा के जन प्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ता को किसानों की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। यही कारण है कि भाजपा का अब तक एक भी प्रतिनिधि इस विषय को लेकर शासन के समक्ष कोई बात किया हो देखने सुनने में नहीं आया है। 
          जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक ने कलेक्टर को लिखे इस पत्र में कहां है कि अगर शासन द्वारा किसानों के धान खरीदी के लिए निर्धारित लिमिट एवं टोकन की मात्रा को नहीं बढ़ाया जाता तो आने वाले दिनों में कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी। किसानों की समस्याओं को लेकर सड़क की लड़ाई लड़नी पड़ेगी, तो भी कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी, किसानों को इंसाफ दिलाकर रहेगी, अन्नदाता किसानों को अकेला नहीं छोड सकती कांग्रेस। गरीब और किसान हमेशा से कांग्रेस के प्राथमिकता में शामिल रहे हैं।