मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवागढ़ में अटल परिसर एवं स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का किया भव्य अनावरण
एक दिवसीय बेमेतरा प्रवास के दौरान विकास और जनकल्याण को मिली नई गति
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 28 दिसम्बर 2025 - मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने एकदिवसीय बेमेतरा प्रवास के दौरान नवागढ़ विकासखंड पहुँचे, जहाँ उन्होंने नवागढ़ ब्लॉक में नवनिर्मित अटल परिसर का विधिवत एवं भव्य अनावरण किया। इसी अवसर पर उन्होंने देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा का भी अनावरण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, पंचायत प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के आगमन से पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
अटल परिसर एवं अटल की प्रतिमा के अनावरण के पश्चात मुख्यमंत्री श्री साय ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनकल्याण को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि अटल जी केवल एक महान नेता ही नहीं, बल्कि विचार, संवेदना और समर्पण के प्रतीक थे। उनके नाम पर निर्मित यह अटल परिसर और स्थापित की गई प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों, विचारों और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा देती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल परिसर भविष्य में जनसेवा, प्रशासनिक गतिविधियों, सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों एवं जनसंवाद का एक सशक्त केंद्र बनेगा। इससे स्थानीय स्तर पर शासन-प्रशासन की सुविधाएँ सुदृढ़ होंगी और आम नागरिकों को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला, श्रमिक और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने नवागढ़ एवं बेमेतरा जिले के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आवास, कृषि, सिंचाई एवं रोजगार से जुड़े कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। अटल परिसर जैसे जनोपयोगी भवनों के निर्माण से न केवल प्रशासनिक व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नया आयाम मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय जन प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उन्होंने आम नागरिकों से शासन की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार का संकल्प है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह, जिले के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अटल परिसर एवं स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण के साथ नवागढ़ क्षेत्र में विकास, प्रेरणा और सुशासन के एक नए अध्याय की शुरुआत हुई, जिससे आने वाले समय में क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।