सैकड़ों किसानों व ग्रामीणों के साथ भाजपा किसान योगेश तिवारी ने अहरम स्पंज आयरन कंपनी नेवनारा के प्रस्ताव का किए जोरदार विरोध
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा/बेरला 22 दिसम्बर 2025 - जिलें के बेरला ब्लाक के ग्राम नेवनारा में प्रस्तावित अहरम स्पंज आयरन कंपनी के खिलाफ आज अपने साथ सैकड़ों ग्रामीणों एवं किसानों को लेकर पहुँचे और एकजुट होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस जन आंदोलन में भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में किसान, ग्रामीण, महिलाएँ और युवा शामिल हुए। विरोध प्रदर्शन के दौरान “जय जवान, जय किसान”, “पर्यावरण बचाओ, खेती बचाओ” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
जन सुनवाई में विरोध प्रदर्शन
भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी नेवनारा के जनसुनवाई में शामिल हुए और प्रस्तावित स्पंज आयरन कंपनी के विरुद्ध अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अहरम स्पंज आयरन कंपनी यदि ग्राम नेवनारा में खुलती है, तो इसका सीधा और गंभीर प्रभाव यहाँ के पर्यावरण, कृषि भूमि और किसानों की आजीविका पर पड़ेगा।” उन्होंने घोषणा की कि “मैं इस विषय को लेकर मुख्यमंत्री को मिलकर भी निवेदन करुगा कि ये प्लांट ना लगे और आग्रह करूँगा कि इस क्षेत्र में ऐसी कोई भी प्रदूषण वाले प्लांट, कंपनी स्थापित न की जाए, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुँचे।
“नेवनारा की जमीन उपजाऊ है, इसे बर्बाद नहीं होने देंगे” - योगेश तिवारी
भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी ने कहा कि “बेमेतरा के नेवनारा और आसपास का पूरा क्षेत्र आज भी स्वच्छ, हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त है। यहाँ धान, गेहूँ, चना सहित अनेक प्रकार की फसलें होती हैं। यह क्षेत्र बेमेतरा जिले की कृषि रीढ़ है। अगर आयरन कंपनी खुलती है, तो प्रदूषण बढ़ेगा, जल स्तर गिरेगा, मिट्टी की उर्वरता नष्ट होगी और किसानों की पीढ़ियों की मेहनत पर पानी फिर जाएगा। हम ऐसा किसी भी कीमत पर होने नहीं देंगे।”
किसानों और ग्रामीणों की एकजुट आवाज विरोध प्रदर्शन में शामिल किसानों ने कहा कि कंपनी खुलने से हवा, पानी और जमीन प्रदूषित होगी, खेती योग्य भूमि औद्योगिक क्षेत्र में बदल जाएगी, आने वाली पीढ़ियों का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा।
“पर्यावरण बचेगा तभी किसान बचेगा”
अपने संबोधन के अंत में भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी ने कहा “हम विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन ऐसा विकास जो पर्यावरण, खेती और किसान को नष्ट कर दे उसे कभी स्वीकार नहीं किया जा सकता। पर्यावरण बचेगा तभी किसान बचेगा और किसान बचेगा तभी देश मजबूत बनेगा।” छत्तीसगढ़ और बेमेतरा मजुबत व विकसित होगा।
विरोध प्रदर्शन में शामिल - जन सुनवाई के विरोध प्रदर्शन में पीयूष शर्मा, झाला वर्मा सरपंच, कैलाश साहू, मदन कुर्रे, मगद सुरवानी, राजा यादव, शुभम सोनी, निकी चौहान, पन्ना नेताम, वाशु साहू, देवेंद्र साहू, राकेश वर्मा, संतोष, मनोज सिंह, यशवंत टंडन, प्रियांशु सिंह, राजू वर्मा, प्रवीण गोस्वामी एवं सैकड़ों ग्रामीणजन शामिल हुए।