पीएमएवाई ग्रामीण जन चौपाल से बढ़ी जागरूकता, ग्रामीण हितग्राही हुए सशक्त

पीएमएवाई ग्रामीण जन चौपाल से बढ़ी जागरूकता, ग्रामीण हितग्राही हुए सशक्त 

ग्राम बोरसी (बेरला) में हुआ जन चौपाल का आयोजन 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 15 दिसम्बर 2025 - प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के अंतर्गत ग्रामीण हितग्राहियों को जागरूक एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत बोरसी में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस जन चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को योजना के लाभ, आवास पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं मकान निर्माण हेतु प्रदत्त वित्तीय सहायता की जानकारी देना रहा। 
  कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के स्थानीय निवासी, सरपंच एवं सचिव सहित जनपद पंचायत बेरला से विकासखंड समन्वयक, तकनीकी सहायक, आवास मित्र तथा जिला पंचायत के सहायक अभियंता उपस्थित रहे। 
         अधिकारियों ने पीएमएवाई-जी के तहत पात्रता मानदंड, आवश्यक दस्तावेज, हितग्राही चयन प्रक्रिया तथा आवास निर्माण की विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। 
     साथ ही वर्ष 2025 तक “सभी के लिए आवास” के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में शासन की मंशा से भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया। 
       जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों द्वारा उठाई गई शंकाओं का समाधान किया गया तथा पक्के आवास निर्माण हेतु सब्सिडी प्राप्त करने की संपूर्ण प्रक्रिया को सरल शब्दों में समझाया गया। 
      अधिकारियों ने नव स्वीकृत आवासों के हितग्राहियों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करते हुए समय-सीमा में आवास निर्माण पूर्ण कराने के निर्देश दिए। 
       कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण आवास अवसंरचना में सुधार एवं योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने की शासन की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से सामने आई।