प्राथमिक व मिडिल स्कूल आन्दू का जिला पंचायत बेमेतरा सदस्य श्रीमती ध्रुव ने किया निरीक्षण
स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति, पढ़ाई, मध्यान भोजन, बागवानी, साफ सफाई आदि की ली जानकारी
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 15 दिसंबर 2025 - सामाजिक अंकेक्षण अंतर्गत शालाओं के निरीक्षण के तारतम्य में जिला पंचायत बेमेतरा सदस्य श्रीमती बालकुमारी ध्रुव द्वारा शासकीय प्राथमिक शाला एवं पूर्व माध्यमिक शाला आंदू का निरीक्षण किया गया। जहां जिला पंचायत सदस्य ने स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति को देखा। स्वयं बच्चों से सवाल जवाब कर स्कूल से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा अलग-अलग विद्यालयों का निरीक्षण किया। जिसमें प्राथमिक शाला आंदू के निरीक्षण में जिला पंचायत सदस्य ने बच्चों के साथ संवाद भी किया और बच्चों के द्वारा उनके प्रश्नों के जवाब देने से जिला पंचायत सदस्य ने संतोष जाहिर किया।
जिला पंचायत सदस्य बालकुमारी ध्रुव ने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्हें अच्छी शिक्षा के साथ गुणवत्ता पूर्ण भोजन, गैर शैक्षणिक कार्यों की जानकारी, खेलकूद योगाभ्यास सभी मिलना चाहिए। स्कूलों में उनका सर्वांगीण विकास हो यही सबकी मंशा होनी चाहिए। उन्होंने बच्चों से मध्यान भोजन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि प्रतिदिन उन्हें दाल सब्जी दिया जाता है कि नहीं, साथ ही साथ सप्ताह में खीर पुडी मध्यान भोजन एजेंसी द्वारा प्रदान किया जाता है कि नहीं और किसी प्रकार से विद्यालय से संबंधित कोई परेशानी हो तो बच्चे उनसे बता सकते हैं, जिस पर बच्चों ने किसी प्रकार की समस्या नहीं होना बताया। शिक्षकों से बच्चों के प्रति गंभीरता पूर्वक ध्यान देने की बात कही।
जिला पंचायत सदस्य ने शिक्षक आशीष वर्मा द्वारा बनाई गई बागवानी का भी निरीक्षण किया। हरे भरे पौधों को देखकर जिला पंचायत सदस्य ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यों की सभी स्कूलों में आवश्यकता है।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य के साथ-साथ संकुल समन्वयक राजेश खन्ना टंडन, पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक जय नारायण ठाकुर, शिक्षक अनीश दास मानिकपुरी, लक्ष्मण साहू, प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक मुकेश भुआर्य, आशीष वर्मा एवं वीरेंद्र बंछोर उपस्थित रहे।