अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज ने बीजाभाठ धान खरीदी केंद्र का किया निरीक्षण, किसानों की सुविधा को लेकर दिए सख्त निर्देश

अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज ने बीजाभाठ धान खरीदी केंद्र का किया निरीक्षण, किसानों की सुविधा को लेकर दिए सख्त निर्देश 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 27 नवंबर 2025 - अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज ने आज बीजाभाठ स्थित धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों के लिए की गई सभी व्यवस्थाओं, धान तौल प्रक्रिया, टोकन वितरण व्यवस्था और उपार्जन कार्य की पारदर्शिता का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र प्रभारी और स्टाफ से दैनिक उपार्जन प्रगति, धान परिवहन व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली। 
      अपर कलेक्टर श्री भारद्वाज ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी परिस्थिति में अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। उन्होंने कहा कि तौल मशीनें पूरी तरह सही स्थिति में रहें, गुणवत्ता परीक्षण पूरी निष्पक्षता से किया जाए और टोकन वितरण समय पर व पारदर्शिता के साथ हो। 
      उन्होंने यह भी बताया कि भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक किसान को निर्धारित समय पर उसका भुगतान अवश्य मिलना चाहिए।
        निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में पानी, शौचालय, छाया, बैठने की व्यवस्था तथा प्राथमिक उपचार जैसी मूलभूत सुविधाओं को भी परखा। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी केंद्रों में व्यवस्थाएँ बेहतर होना आवश्यक है।
      अपर कलेक्टर ने केंद्र में उपस्थित किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएँ और सुझाव भी सुने। किसानों ने बताया कि इस वर्ष प्रशासन द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्था के चलते उन्हें समय पर टोकन, त्वरित तौल और सहज सुविधा प्राप्त हो रही है। इस पर संतोष प्रकट करते हुए श्री भारद्वाज ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यही है कि हर किसान को बिना किसी परेशानी के समर्थन मूल्य पर धान विक्रय का पूरा लाभ मिले और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी व व्यवस्थित बनी रहे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी केंद्र पर लापरवाही विलंब या गलत प्रथा पाई जाती है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
      निरीक्षण के अंत में उन्होंने केंद्र प्रबंधन को नियमित मॉनिटरिंग, रिकॉर्ड संधारण, सीसीटीवी संचालन और परिवहन व्यवस्था पर विशेष ध्यान बनाए रखने के निर्देश दिए ताकि धान खरीदी का संपूर्ण कार्य निर्बाध और सुचारू रूप से संचालित होता रहे।