जिले के सभी नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतो में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का किया गया सामूहिक गायन
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 08 नवम्बर 2025 - वन्दे मातरम राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बेमेतरा जिला देशभक्ति, एकता और आध्यात्मिक भाव से सराबोर रहा। जिला प्रशासन के नेतृत्व में पूरे जिले में एक साथ सामूहिक वन्दे मातरम गायन का आयोजन किया गया। यह दिन राष्ट्रीय भावना, गौरव और कर्तव्य के प्रति समर्पण का प्रतीक बन गया।
पूरा जिला ‘वन्दे मातरम्’ के स्वर में एकजुट - वन्दे मातरम् की 150 वीं वर्षगांठ पर जिले के चारों विकासखंड बेमेतरा, साजा, नवागढ़ और बेरला में सामूहिक राष्ट्रीय गीत का आयोजन हुआ। जिले के लगभग 1300 स्कूलों, 429 ग्राम पंचायतों, सभी नगरीय निकायों नगर पालिका परिषद बेमेतरा, नगर पंचायत नवागढ़, देवकर, थानखम्हरिया, मारो, परपोड़ी, साजा सहित अन्य शासकीय महाविद्यालयों और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में एक साथ वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। जिला मुख्यालय से लेकर ग्राम पंचायतों तक एक ही स्वर में गूंज उठा “वन्दे मातरम्”। पूरा जिला मानो राष्ट्रभक्ति के एक अद्भुत उत्सव में विलीन हो गया।
जिला मुख्यालय में भव्य समारोह - जिला मुख्यालय बेमेतरा स्थित जिला पंचायत सभागार में कलेक्टर रणबीर शर्मा के नेतृत्व में आयोजित मुख्य समारोह में वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, नागरिक और छात्र-छात्राएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर कलेक्टर श्री शर्मा, एसएसपी रामकृष्ण साहू, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती प्रेमलता पदमाकर, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मधु राय, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि पीयूष शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी ने सामूहिक रूप से वन्दे मातरम् का गायन कर राष्ट्रीय एकता का प्रेरक संदेश दिया।
प्रधानमंत्री का वर्चुअल उद्बोधन और स्मारक विमोचन - समारोह में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल उद्बोधन भी सुना।
प्रधानमंत्री ने इस ऐतिहासिक अवसर पर वन्दे मातरम् की 150 वीं वर्षगांठ पर स्मारक सिक्का, डाक टिकट और वेबसाइट का शुभारंभ किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि वन्दे मातरम् एक शब्द नहीं, बल्कि एक मंत्र, एक स्वर, एक संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण की धारा है। यह गीत हमें विकसित और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढ़ने की निरंतर प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री के इस संदेश ने सभागार में उपस्थित सभी लोगों के हृदय में नई ऊर्जा और उत्साह भर दिया।
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ - कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई।
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा वन्दे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि स्वतंत्रता की भावना, राष्ट्रीय चेतना और भारत माता के प्रति श्रद्धा का स्वर है। इस गीत ने स्वतंत्रता आंदोलन में देशप्रेमियों को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया। 150 वीं वर्षगांठ हमें याद दिलाती है कि राष्ट्रधर्म और कर्तव्य के प्रति हमारे कदम कभी कमजोर नहीं होने चाहिए।
पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने कहा वन्दे मातरम् भारत माता की वंदना है। इसकी रचना उस समय हुई जब देश गुलामी की बेड़ियों में जकड़ा था। इस गीत ने हर भारतीय के भीतर राष्ट्रभक्ति की ज्वाला प्रज्वलित की और स्वतंत्रता आंदोलन को नई शक्ति दी। आज भी यह गीत हर भारतीय के हृदय में देशप्रेम की भावना को जीवित रखता है।”
राष्ट्रीय गौरव और एकता का सच्चा उत्सव - यह आयोजन केवल एक गीत का गायन नहीं था, बल्कि भारतीय अस्मिता, राष्ट्रीय चेतना और एकता का सजीव प्रतीक था।
“वन्दे मातरम्@150” उत्सव ने यह संदेश दिया कि वन्दे मातरम् केवल गीत नहीं, बल्कि हमारी राष्ट्रीय आत्मा की धड़कन है। यह दिवस बेमेतरा के लिए राष्ट्रीय गौरव, एकता और आत्मीयता का उत्सव बन गया।
कलेक्टर संदेश - कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा वन्दे मातरम् राष्ट्रगीत स्वतंत्रता की अवधारणा को सशक्त और जीवित रखने की प्रेरणा देता है। यह गीत हमें अपने कर्तव्यों, अपने देश और अपने आदर्शों के प्रति समर्पित रहने का संदेश देता है।
वन्दे मातरम्@150 – बेमेतरा का राष्ट्रीय गौरव, एकता और आत्मीयता का उत्सव