एसएसपी बेमेतरा रामकृष्ण साहू द्वारा यातायात पुलिस को POS (पॉइंट ऑफ सेल) मशीनों का किया गया वितरण
POS मशीन से अब मौके पर ही ई-चालान एवं भुगतान
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 11 अक्टूबर 2025 - वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति सिंह के द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय बेमेतरा में यातायात पुलिस को POS (पॉइंट ऑफ सेल) मशीनों का वितरण किया गया। इस अवसर पर यातायात उप पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार झा, यातायात प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखों, प्रधान आरक्षक दौलत राम वर्मा, लोकेश सिंह, आरक्षक नुरेश वर्मा, विनोद राजपूत, रेखन साहू, संजय पाटिल, पीलाराम साहू, संतोष धीवर, रामकिशन साहू, फत्ते पाटिल, हुलेश साहू, आशीष तिवारी, पारसमणी साहू, राजेश राजपूत, दीन दलाय मिरे, लतमार सिंह ठाकुर, प्रवीण कुमार सहित अन्य पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।
एसएसपी बेमेतरा रामकृष्ण साहू (IPS) ने बताया कि अब यातायात पुलिस POS मशीनों के माध्यम से भी ई-चालान जारी करेगी। इससे ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर लगे जुर्माने का भुगतान नागरिक मौके पर ही कैशलेस रूप से कर सकेंगे। यह पहल पुराने नकद लेनदेन की प्रक्रिया को समाप्त कर पारदर्शिता एवं सुविधा को सुनिश्चित करती है। जुर्माना सीधे डेबिट या क्रेडिट कार्ड से अदा किया जा सकेगा तथा भुगतान के पश्चात तुरंत डिजिटल रसीद प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था नकद लेनदेन की जटिलताओं को समाप्त कर एक सुरक्षित, डिजिटल और पारदर्शी भुगतान प्रणाली प्रदान करेगी। यातायात पुलिस अधिकारी POS मशीन के माध्यम से चालान तैयार करेंगे, जिसमें वाहन का विवरण और जुर्माने की राशि दर्ज होगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति मौके पर ही भुगतान कर रसीद प्राप्त कर सकेंगे।
यह आधुनिक प्रणाली न केवल जनता को सुविधा प्रदान करेगी बल्कि पुलिस विभाग में तकनीकी सशक्तिकरण और जवाबदेही को भी बढ़ाएगी।