एनएचएम कर्मचारियों का हड़ताल, कोरोना योद्धाओं का प्रदर्शन तेज, ताली-थाली बजाकर किया ध्यान आकर्षण प्रदर्शन

एनएचएम कर्मचारियों का हड़ताल, कोरोना योद्धाओं का प्रदर्शन तेज, ताली-थाली बजाकर किया ध्यान आकर्षण प्रदर्शन 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 16 जुलाई 2025 - राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारी आज अपने 20 वर्षों से लंबित नियमितीकरण, ग्रेड-पे, मेडिकल अवकाश और 27% लंबित वेतन वृद्धि की मांग को लेकर धरना स्थल तहसील कार्यालय के पास एकत्रित हुए। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने ताली-थाली बजाकर नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकाली। कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
      एनएचएम कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रवक्ता पूरन दास ने कहा कि "हम अपनी मांगों को लेकर 100 से अधिक बार आवेदन और निवेदन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इससे कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है। यदि सरकार 15 दिनों के भीतर हमारी मांगों का निराकरण नहीं करती, तो यह आंदोलन प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल में तब्दील होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।"
        जिला संगठन प्रमुख बृजेश दुबे एवं प्रमोद साहू ने कहा "प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी में स्पष्ट उल्लेख है कि एनएचएम संविदा कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इसके बावजूद हम लगातार शासन-प्रशासन से वार्ता कर चुके, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।"
          कोरोना काल में इन कर्मचारियों को 'कोरोना योद्धा' का दर्जा मिला, उन्होंने दिन-रात मेहनत कर आम जनता की सेवा की। आज ग्रामीण से लेकर शहरी स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह एनएचएम कर्मचारियों के भरोसे संचालित हो रही है। यदि इनकी मांगों की जल्द सुनवाई नहीं होती तो इसका असर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर सीधा पड़ेगा। ध्यान आकर्षण धरना प्रदर्शन में मनीष शर्मा, दिनेश गंगबेर, यामिनी खुटेल, डॉ डोमन यादव, रेशमी बंजारे, मकसूदन रजक, डॉ अभिषेक यादव, राजकमल ताम्रकार, प्रियंका यादव, डॉ तृप्ति दुबे, अमर वर्मा, देवेन्द्र जायसवाल सहित बड़ी संख्या में एनएचएम संघ के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थिति रहें।