कलेक्टर ने सुनी जनदर्शन में लोगों की शिकायत एवं समस्याएं, प्राप्त हुए 30 आवेदन

कलेक्टर ने सुनी जनदर्शन में लोगों की शिकायत एवं समस्याएं, प्राप्त हुए 30 आवेदन 

धौराभाठा (साजा) के समस्त ग्रामवासी ने शासन की सम्पत्ति से छलपूर्वक प्रबंधक कलेक्टर का नाम विलोपित किये जाने के संबंध में दिया आवेदन 
 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 08 जुलाई 2025 - कलेक्टर रणबीर शर्मा की उपस्थिति में आज मंगलवार को समय-सीमा की बैठक के बाद कलेक्टरेट के दृष्टि सभा कक्ष में जनदर्शन आयोजित की गई। जिसमें जिले के अलग-अलग क्षेत्र के लोग अपनी-अपनी मांग, समस्याएं एवं शिकायतें लेकर आये। इस दौरान जनदर्शन में आने वाले सभी लोगों की समस्याओं का निराकरण भी किया गया। आज के जन चौपाल में कलेक्टर ने लोगों की समस्याओं को गौर से सुना और संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर और समक्ष बुलाकर संबंधित आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। कुछ आवेदन मौके पर ही निराकरण किए गए। आज जनदर्शन में विभिन्न शिकायत एवं समस्याओं से संबंधित 30 आवेदन प्राप्त हुए। तात्कालिक महत्व की समस्याओं का जहां त्वरित निराकरण किया। वहीं गंभीर और जांच के आवेदनों को टीएल पंजी पर दर्ज करके, इनका निराकरण करने के निर्देश संबंधित अफसरों को दी।
        इस दौरान जनदर्शन में दूरदराज के गांवों से अपनी समस्याओं के समाधान हेतु पहुंचे लोगों में से तहसील नांदघाट के ग्राम चमारी के निवासी पांचो बाई साहू ने जमीन पर कब्जा कर रास्ता रोकने वाले व्यक्ति के विरूद्ध उचित कार्यवाही के संबंध में आवेदन दिया, तहसील साजा के के ग्राम हरदास निवासी उत्तरा साहू ने प्रधानमंत्री आवास दिलाये जाने के संबंध में आवेदन दिया, बेमेतरा के वार्ड नं. 19 के निवासी तोषिका वर्मा ने मितानिन टेनर बदलने के संबंध आवेदन दिया, तहसील नांदघाट के ग्राम परसदा निवासी भुवनदास अधिग्रहित भूमि के रकबा में सुधार किए जाने के संबंध में आवेदन दिया, तहसील बेमेतरा सुरकी निवासी श्रीकांत ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत पशु तस्करी करने हेतु कानूनी कार्यावाही के संबंध में आवेदन दिया, तहसील साजा के ग्राम धौराभाठा के समस्त ग्रामवासी ने शासन की सम्पत्ति से छलपूर्वक प्रबंधक कलेक्टर का नाम विलोपित किये जाने के संबंध में आवेदन दिया। इसके अलावा आम नागरिकों ने निराश्रित पेंशन दिलाने, बैटरी चलित ट्रायसायकल हेतु, प्रधानमंत्री आवास दिलाने, कटा हुआ रकबा जोड़ने, खाद गड्डा को हटाये जाने, आम रास्ता खुलवाने, वृद्धा पेंशन हेतु दिव्यांगता पेंशन दिलाये जाने आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए है। कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण के लिए ग्रामीणों को आश्वासन दिलाया। इस अवसर पर एडीएम अनिल वाजपेयी, एसडीएम बेमेतरा प्रकाश कुमार भारद्वाज, एसडीएम बेरला दीप्ती वर्मा सहित विभिन्न विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।