इस मुहिम को निरंतर बनाए रखें और जल स्रोतों की स्वच्छता का ध्यान रखें - कलेक्टर
जल संरचनाओं के आसपास व्यापक स्वच्छता अभियान
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा 3 जून 2025 - विश्व पर्यावरण दिवस 2025 और जल संरक्षण अभियान के अंतर्गत बेमेतरा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आज जल संरचनाओं के परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत तालाब, हैंडपंप, नालियों एवं सोकपिट के आसपास श्रमदान कर सफाई की गई। इस कार्यक्रम में जनसमुदाय, स्वच्छता समूहों के सदस्य, अधिकारी और कर्मचारीगण सक्रिय रूप से शामिल हुए।
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा, “जल ही जीवन है। स्वच्छ जल संरचनाएं न केवल स्वास्थ्यवर्धक जीवन के लिए आवश्यक हैं, बल्कि हमारे प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस मुहिम को निरंतर बनाए रखें और जल स्रोतों की स्वच्छता का ध्यान रखें।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी टेकचंद्र अग्रवाल ने कहा “स्वच्छता अभियान से न केवल हमारी जल संरचनाएं सुंदर होंगी, बल्कि यह जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा में भी सहायक होगा। सभी लोग इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और इसे एक जनआंदोलन का रूप दें।
यह अभियान जल एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें समाज की भागीदारी से ही सफलता संभव है।