जन्मदिवस बना सेवा का पर्व - श्रीमती तिवारी ने रच दिया मिसाल
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा - जहां अधिकांश लोग जन्मदिन को व्यक्तिगत खुशी का अवसर मानकर मनाते हैं, वहीं जिला पंचायत बेमेतरा की अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने अपने जन्मदिवस को जनसेवा के रूप में मनाकर एक नई मिसाल कायम की है। उन्होंने अपने जन्मदिवस के अवसर पर नेवनारा स्थित प्रसिद्ध माँ चण्डी मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और फिर वहां एक प्रेरणादायक सेवा कार्य किया।
दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल भेंट - इस विशेष अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के दिव्यांगजन भाइयों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्रदान कर उनके जीवन में सहारा और सम्मान दोनों का संचार किया। यह ट्राईसाइकिल न केवल उनकी दैनिक आवश्यकताओं को आसान बनाएगी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर जीवन जीने में भी मदद करेगी। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्र के युवा साथी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठजन एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने कल्पना तिवारी की इस भावना की सराहना की और उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने कहा "मेरे लिए जन्मदिवस केवल एक व्यक्तिगत अवसर नहीं, बल्कि सेवा और समाज को कुछ लौटाने का दिन है। मुझे खुशी है कि आज मैं उन भाइयों की आंखों में मुस्कान ला पाई, जिन्हें हमारी सबसे अधिक आवश्यकता है।"
उन्होंने यह भी कहा कि यह केवल एक शुरुआत है, आने वाले समय में और भी जरूरतमंदों तक सहायता पहुँचाई जाएगी। उनका मानना है कि सेवा, समर्पण और संस्कार ही राजनीति का असली आधार है।
सामाजिक समरसता - इस पूरे कार्यक्रम में एक सामाजिक समरसता का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने भी इस प्रयास को सराहा और इसे 'जन्मदिवस के रूप में जनसेवा का आदर्श उदाहरण' बताया।
मानवीय पहल के साथ संदेश - यह आयोजन न सिर्फ एक मानवीय पहल था, बल्कि यह संदेश भी देता है कि अगर जनप्रतिनिधि अपने विशेष अवसरों को जनसेवा में समर्पित करें, तो समाज में वास्तविक बदलाव संभव है।