प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा - जिले के चार जनपदों में हुए चुनाव में बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बेरला जनपद पंचायत में अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष पद पर हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। साथ ही साथ बेमेतरा जनपद उपाध्यक्ष पद पर भी कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी मिथिलेश वर्मा ने जीत दर्ज की है। चुनाव में पूरी कांग्रेस पार्टी एक साथ नजर आई, जिसका फायदा इस चुनाव में कांग्रेस को मिला। पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामेश्वर देवांगन सहित बेरला ब्लॉक के सभी कांग्रेसी इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को विजई बनाने में जी जान से जुटे थे।
बेरला जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती माधुरी रवि परगनिया अध्यक्ष हेतु तथा शुभम वर्मा उपाध्यक्ष पद हेतु निर्वाचित किए गए। इस चुनाव में भाजपा ने भी अपना पूरा दम खम लगा रखा था, किंतु कांग्रेस कार्यकर्ताओं की रणनीति के आगे बेरला जनपद चुनाव में भाजपा नहीं टिक पाई। कार्यवाहक जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने इस जीत पर इसे कार्यकर्ताओं तथा आम जनता की जीत बताया है। साथ ही साथ उन्होंने विजय प्रत्याशियों को कहा कि जनता जनार्दन ने जिस उम्मीद के साथ उन्हें इस पद पर बिठाया है, उसे पर वह अपना शत प्रतिशत योगदान देते हुए जन आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य करें।