सुशासन तिहार 2026, खाद्य मंत्री ने दी अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही से कार्य करने के निर्देश, समस्याओं के त्वरित निराकरण पर दिया जोर
बेमेतरा 08 मई 2026 - सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत बेमेतरा के ग्राम पंचायत सेमरिया के शास. हाई स्कूल परिसर में आज जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। साथ ही एसडीएम बेमेतरा प्रकाश कुमार भारद्वाज सहित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं, जिनका यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। इस दौरान एसडीएम दिव्या पोटाई, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे और अपने-अपने विभागीय स्टॉलों में आम नागरिकों की समस्याएं सुनते रहे।
सेमरिया शिविर में विभिन्न प्रमाण पत्र, कार्ड एवं आवास की चाबियों का वितरण
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत 02 हितग्राहियों को नोनी सुरक्षा योजना के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत 03 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित कर बालिकाओं के भविष्य को सुरक्षित एवं सशक्त बनाने का संदेश दिया गया। इसी प्रकार प्रधानमंत्री वय वंदन योजना के अंतर्गत 03 वरिष्ठ नागरिक हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। योजना के माध्यम से बुजुर्गों को सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक संबल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।
खाद्य विभाग द्वारा 05 हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड वितरित किए गए, जिससे पात्र परिवारों को शासन की सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ प्राप्त हो सकेगा। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 08 हितग्राहियों को आयुष्मान वय वंदन कार्ड प्रदान किए गए, जिससे वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत ग्राम सेमरिया के 02 तथा ग्राम भंवरदा के 02 हितग्राहियों को उनके नए आवास की चाबियां सौंपी गईं। अपने पक्के घर की चाबी पाकर हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। हितग्राहियों ने शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ सीधे गांव स्तर पर मिलने से लोगों को काफी सुविधा हो रही है।
जनता से सीधा संवाद, आवेदन देने के लिए किया प्रेरित
मंत्री श्री बघेल ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए नागरिकों को जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों को अपनी समस्याएं एवं मांगें लिखित आवेदन के माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया। मंत्री ने कहा कि जब नागरिक जागरूक होकर अपनी समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाएंगे, तभी उनका त्वरित समाधान संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासन का उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि आम नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविरों के माध्यम से मौके पर ही समस्याओं का सत्यापन एवं निराकरण किया जा रहा है तथा पात्र हितग्राहियों को तत्काल योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है।
अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के निर्देश
प्रशासनिक अधिकारियों को संबोधित करते हुए मंत्री श्री बघेल ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर त्वरित और प्रभावी कार्य सुनिश्चित करें।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जन समस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें।
सरकार की योजनाओं की दी जानकारी
अपने उद्बोधन में मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और गरीब वर्ग के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में नल-जल योजना की गड़बड़ियों को दूर कर प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 18 लाख आवासों के निर्माण का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को पक्का मकान उपलब्ध हो सके। किसानों को धान का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। मंत्री श्री बघेल ने महतारी वंदन योजना, आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज, राशन कार्ड निर्माण, तीन महीने का चावल एक साथ वितरण तथा क्षेत्र में सड़क निर्माण एवं विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने नवागढ़ में 100 बिस्तरों वाले अस्पताल निर्माण एवं महतारी सदन की स्वीकृति का भी उल्लेख किया।
टीबी मुक्त ग्राम और जिला बनाने लिया संकल्प
शिविर मे टीबी मुक्त ग्राम और जिला बनाने के लिए उपस्थित नागरिकों को शपथ दिलाया। नागरिकों ने शपथ लिया कि मैं शपथ लेता हूं की जानकारी की रोशनी से टीवी के दर को मिटाऊंगा/मिटाऊंगी। सतर्कता की ताकत से टीबी के भेदभाव को खत्म करूंगा/करूंगी। पूर्ण समर्पण की भावना से मैं भारत को टीबी मुक्त बनाने की यज्ञ में अपना पूरा योगदान दूंगा/दूंगी।
जनता की समस्याओं का हुआ निराकरण
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण राशन कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली, पेयजल, नामांतरण, सीमांकन एवं कृषि संबंधी समस्याओं को लेकर पहुंचे। मंत्री श्री बघेल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को पात्रता अनुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल आपूर्ति सुचारु बनाए रखने तथा बिजली कटौती की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अजय साहू, बेमेतरा जनपद अध्यक्ष हेमा जय दिवाकर, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष और कलस्टर के अंतर्गत शामिल सभी ग्राम पंचायतों के सरपंचगण भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।