अध्यक्ष हिमांशु वर्मा व पार्षदों ने किया शपथ ग्रहण

अध्यक्ष हिमांशु वर्मा व पार्षदों ने किया शपथ ग्रहण 
प्रमोद गुप्ता/बेमेतरा/साजा - नगर पंचायत साजा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष हिमांशु वर्मा और वहां के पार्षदों ने आज शपथ ग्रहण किया। अनुविभागीय अधिकारी डी आर रात्रे ने नई कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल, साजा विधायक ईश्वर साहू, पूर्व विधायक लालचंद बाफना विशेष रूप से उपस्थित थे। सांसद विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि नगरीय निकाय और ग्रामीण निकाय के चुनाव में आम जनता ने भाजपा के प्रति भरोसा व्यक्त किया है, अब हमें भी आम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए काम करना होगा। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आम लोगों के लिए तमाम कल्याणकारी योजनाये शुरू की है। हमें प्रत्येक वर्ग के लोगों को इसका लाभ दिलाने के लिए काम करने की जरूरत है। इस अवसर पर दाखिनेश्वर पीठाधीश्वर राजीव लोचन महाराज, लाल शौर्यजीत सिंह, अधिवक्ता विनोद शर्मा प्रभारी, हरीशंकर टावरी पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष तथा सभी पार्षदगण सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।