शिवसेना के ज्ञापन पर दिखाई गंभीरता, एसपी ने संज्ञान ले जिलें में अभियान चलाकर नशा व अवैध कार्यों पर की कार्यवाही - प्रदेश महासचिव दाऊ राम चौहान

शिवसेना ने जिलें में हुई कार्यवाही के लिए पुलिस अधीक्षक की कार्यशैली की प्रशंसा की 
बेमेतरा 14 नवंबर 2026 - शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के छत्तीसगढ़ प्रदेश महासचिव दाऊ राम चौहान ने बेमेतरा जिले के पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल की कार्यशैली एवं जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की है। 
       प्रदेश महासचिव दाऊ राम चौहान ने कहा कि बेमेतरा जिले में पूर्व में सूखे नशे, ड्रग्स, गांजा, चरस, ब्राउन शुगर जैसे मादक पदार्थों की कथित अवैध बिक्री के साथ-साथ सट्टा एवं अवैध जुए की गतिविधियों को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। ऐसी गतिविधियां समाज में अपराध, विवाद और अशांति को बढ़ावा देती हैं। विशेष रूप से युवा पीढ़ी पर इनका गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है।
       महासचिव श्री चौहान ने बताया कि इन जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर शिवसेना (UBT) द्वारा जिला पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल को ज्ञापन सौंपकर अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई थी। 
      जिस पर पुलिस अधीक्षक ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन के माध्यम से अवैध गतिविधियों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया। जिले में नशे के अवैध कारोबार, सट्टे और जुए के खिलाफ लगातार की जा रही पुलिस कार्रवाई से आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है तथा शांति व्यवस्था को मजबूती मिली है। 
     प्रदेश महासचिव दाऊ राम चौहान ने कहा कि अच्छे कार्यों की प्रशंसा करना भी जन प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों का दायित्व है। जब पुलिस प्रशासन जनता की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए सक्रियता से कार्य करता है, तो उसका मनोबल बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिवसेना (उद्धव बाला साहेब ठाकरे) हमेशा जनहित, कानून-व्यवस्था और समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयासों में प्रशासन का सहयोग करती रहेगी। 
     शिवसेना के समस्त पदाधिकारियों एवं शिव सैनिकों ने पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल सहित बेमेतरा जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा की। साथ ही शिवसेना ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी अवैध नशे, सट्टे, जुए और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ इसी प्रकार सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि बेमेतरा जिला अपराधमुक्त, नशामुक्त एवं शांतिपूर्ण जिला बन सके। 



By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ