बारगांव के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर तीन स्वर्ण पदक जीत कर रचा इतिहास

राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता बिलासपुर में बालक और बालिका दोनों वर्गों में दुर्ग संभाग बना हॉकी का चैंपियन 

व्यायाम शिक्षिका तुलसी साहू के कुशल मार्गदर्शन में चिंताराम, निधि और निशा ने किया अपने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन 
बेमेतरा 10 अक्टूबर 2026 - बिलासपुर में संपन्न हुई 26 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा हॉकी प्रतियोगिता (19 वर्ष बालक/बालिका) में बेमेतरा जिलें के बेरला ब्लाक के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव के खिलाड़ियों ने स्वर्णिम इतिहास रचा है। विद्यालय की व्यायाम शिक्षिका एवं हॉकी कोच तुलसी साहू के कुशल मार्गदर्शन में स्कूल के तीन होनहार खिलाड़ियों चिंताराम पटेल, निधि पाटिल एवं निशा साहू ने दुर्ग संभाग की ओर से खेलते हुए अद्वितीय खेल कौशल का परिचय दिया। इन खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की बदौलत दुर्ग संभाग ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 

बालक वर्ग ने रायपुर, सरगुजा, बिलासपुर, बस्तर को हरा जीता स्वर्ण पदक 
टूनामेंट में बालक वर्ग (19 वर्ष) से बारगांव के स्टार खिलाड़ी चिंताराम पटेल ने अपने उत्कृष्ट और मैदानी खेल का लोहा मनवाया। उन्होंने प्रतियोगिता के अपने पहले ही मैच में रायपुर के खिलाफ शानदार 02 मैदानी गोल दागा और सरगुजा के खिलाफ भी शानदार 2 गोल दागकर टीम को मजबूत शुरुआत दी, जिससे विरोधी टीमें पूरे टूर्नामेंट में उबर नहीं पाईं। चिंताराम ने दुर्ग संभाग को स्वर्ण पदक जिताने में अहम भूमिका निभाई दुर्ग संभाग की बालक टीम ने प्रतियोगिता में एकतरफा प्रदर्शन करते हुए अपने मैचों में विपक्षी टीमों को करारी शिकस्त दी, रायपुर को 10-0 से हराया, सरगुजा को 7-1 से हराया, बिलासपुर को 13-0 से मात दी। वही अंतिम मैच में बस्तर को 6-1 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। 

बालिका वर्ग ने बिलासपुर सरगुजा बस्तर रायपुर को हरा जीता स्वर्ण पदक 
वही बालिका वर्ग (19 वर्ष ) में बारगांव की होनहार खिलाड़ी निधि पाटिल ने भी अपने बेहतरीन स्टिक वर्क का प्रदर्शन करते हुए सरगुजा संभाग के खिलाफ मैच में 01 शानदार गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की, साथ ही निशा साहू ने भी अपने खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दुर्ग संभाग की टीम को प्रथम स्थान दिलाने में मुख्य भूमिका निभाई। दुर्ग संभाग की बालिका टीम ने भी पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखा। बिलासपुर को 7-0 से हराया, सरगुजा को 7-0 से शिकस्त दी, बस्तर को 8-1 से मात दी और अंतिम मुकाबले में रायपुर को 7-0 से हराया बालिका टीम बिना कोई मैच गंवाए चैंपियन बनी और स्वर्ण पदक हासिल किया। 
सीमित संसाधनों में कड़े परिश्रम की ऐतिहासिक जीत 
इस ऐतिहासिक अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्याम सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि "हमारे विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर न केवल स्कूल का, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सीमित संसाधनों के बावजूद व्यायाम शिक्षिका कोच तुलसी साहू के कठिन प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और खिलाड़ियों की दिन-रात की मेहनत का यह परिणाम है। 

ग्रामीण प्रतिभाओं के हुनर और कड़े समर्पण की जीत 
इस अवसर पर संकुल समन्वयक सुरेन्द्र पटेल ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि "बारगांव संकुल के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव के खिलाड़ियों ने राज्य स्तर स्वर्ण पदक जीत कर जो उत्कृष्ट खेल दिखाया है, वह हमारे पूरे संकुल के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। चिंताराम, निधि और निशा ने अपनी खेल प्रतिभा से यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। कोच तुलसी साहू का समर्पण और खिलाड़ियों की लगन सराहनीय है। यह सफलता संकुल के अन्य बच्चों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। 

मैदान पर बच्चों के अटूट समर्पण और सूझबूझ का सुखद परिणाम 
इस स्वर्णिम सफलता पर विद्यालय की व्यायाम शिक्षिका एवं कोच तुलसी साहू ने अत्यंत हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता इन बच्चों की कड़ी मेहनत, खेल के प्रति उनके अटूट समर्पण और अनुशासन का परिणाम है। मैदान पर खिलाड़ियों ने जिस सूझबूझ और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, वह वाकई काबिले तारीफ था। दुर्ग संभाग को शीर्ष पर ले जाना हमारा मुख्य लक्ष्य था, जिसे इन होनहारों ने सच कर दिखाया। ग्रामीण अंचल के इन होनहार बच्चों में अद्भुत खेल प्रतिभा है। राज्य स्तर पर 3 स्वर्ण पदक जीत विद्यालय सहित क्षेत्र का नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज कराया।  

विद्यालय व संकुल स्टाफ ने दी शुभकामनाएं 
साथ ही विद्यालय के समस्त स्टाफ सहित बारगांव संकुल के शिक्षक/शिक्षिकाओं ने खिलाड़ियों की स्वर्णिम सफलता पर बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ