अमोरा स्कूल में आयोजन, शिक्षिका का सभी के साथ खुशियाँ बाँटने की सभी ने की सराहना व दी शुभकामनाएं
बेमेतरा 06 अक्टूबर 2026 - शिक्षक समाज का मार्गदर्शक होता है और जब वह अपने व्यक्तिगत जीवन की खुशियों को स्कूली बच्चों के साथ साझा करता है, तो वह समाज के लिए एक अनूठी मिसाल बन जाता है। ऐसा ही एक प्रेरक उदाहरण विकासखंड नवागढ़ के अंतर्गत संकुल केंद्र मेहना के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अमोरा में देखने को मिला। यहाँ पदस्थ शिक्षिका श्रीमती समता सोनी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर सादगी और सेवा की राह चुनते हुए स्कूली बच्चों के बीच अपना यह विशेष दिन मनाया।
जन्मदिन पर नेवता भोज
शिक्षिका श्रीमती समता सोनी ने अपने जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए शासकीय पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला अमोरा के सभी छात्र-छात्राओं और शाला परिवार के लिए एक आंशिक 'नेवता भोज' का आयोजन किया। इस विशेष भोज में बच्चों को बड़े ही चाव और स्नेह के साथ गरमा-गरम पूड़ी, हलवा, और पापड़ परोसे गए। स्वादिष्ट पकवान पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और पूरा स्कूल परिसर हर्षोल्लास के माहौल से सराबोर हो गया।
इस अवसर पर यह रहें उपस्थित
इस गरिमामयी अवसर पर शाला परिवार, गणमान्य नागरिक और विद्यालय के पूर्व छात्र मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनमें श्रीमती पुष्पलता साहू, दिनेंद्र कुमार साहू, मनहरण लाल रजक, भोजसिंह वर्मा, ओमनारायण वर्मा, श्याम कुमार सोनी, पूनाचा, भरत लाल साहू, विदेशी राम और अमित वर्मा आदि शामिल थे।
पूर्व छात्रों ने किया सहयोग
कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुँचे पूर्व छात्रों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और अपनी प्रिय शिक्षिका के इस आयोजन में सहयोग किया।
सभी के साथ खुशियाँ बाँटने की सराहना
सभी उपस्थित जनों, शिक्षकों और पूर्व छात्रों ने श्रीमती समता सोनी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। उपस्थित प्रबुद्ध जनों ने शिक्षिका की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अपने विशेष दिन पर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना और उनके साथ खुशियाँ बाँटना बेहद सराहनीय कार्य है। ऐसी पहल से समाज में एक सकारात्मक संदेश जाता है और शासकीय स्कूलों में जनभागीदारी व 'नेवता भोज' की परंपरा को बल मिलता है। कार्यक्रम के अंत में शाला परिवार और बच्चों ने इस स्नेहपूर्ण भोज के लिए शिक्षिका के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
0 टिप्पणियाँ