रंग-बिरंगे परिधानों में दिखी भारतीय संस्कृति की झलक
बेमेतरा 16 अक्टूबर 2026 - शारदीय नवरात्र के अवसर पर बेमेतरा जिले के बेरला ब्लाक के शासकीय पूर्व माध्यमिक व प्राथमिक स्कूल बारगांव में बच्चों द्वारा डांडिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति किया गया। साथ ही गांव के दुर्गा पंडालों में भी डांडिया नृत्य किया। इसमें विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंग-बिरंगे परिधानों में पारंपरिक डांडिया प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और त्योहारों के महत्व से परिचित कराना
प्रधानपाठक रामायण ध्रुव ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और त्योहारों के महत्व से परिचित कराना था। बच्चों के उत्साह और आकर्षक प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर उत्सवी माहौल में डूब गया।
रंग-बिरंगे परिधानों में बच्चों ने किया डांडिया
कार्यक्रम में बच्चों ने पारंपरिक परिधानों में सजकर तालबद्ध अंदाज में डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी आकर्षक भाव-भंगिमाओं और उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने दर्शकों को प्रभावित किया। नृत्य के दौरान विद्यालय परिसर व दुर्गा पंडालों में तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। बच्चों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं की खूबसूरत झलक पेश की।
संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने की पहल
शिक्षक गंगाधर दुबे ने कहा कि विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना भी था। नवरात्र जैसे पर्व के माध्यम से उन्हें भारतीय लोक परंपराओं और त्योहारों के महत्व को समझने का अवसर मिला। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और समूह में मिलकर काम करने की प्रेरणा भी मिलती है।
प्रधानपाठक ने बच्चों के उत्साह की सराहना की
कार्यक्रम का संयुक्त संचालन शिक्षिकाओं भारती तिवारी, सृष्टि तिवारी और प्रेमलता परगनिहा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानपाठक रामायण ध्रुव ने बच्चों की प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक गतिविधियों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी परंपराओं को समझने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम ने बच्चों को सीखने के साथ अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच भी प्रदान किया।
इस अवसर पर हेमसिंह साहू, सुदर्शन साहू, संतोष गेन्द्रे सहित स्कूल स्टाफ का सहयोग रहा।
0 टिप्पणियाँ