डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जांता बेमेतरा में धूमधाम से मनाया गया नवरात्रि, रामनवमी एवं दशहरा पर्व

कार्यक्रम में सहायक संचालक, एपीसी, सरपंच, अधीक्षिका रहे अतिथि  
बेमेतरा 16 अक्टूबर 2026 - डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जांता, बेमेतरा में नवरात्रि, रामनवमी एवं दशहरा पर्व हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक सजावट, फूलों की मालाओं एवं मनमोहक रंगोली से सजाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसपी कोशले सहायक संचालक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बेमेतरा, विशिष्ट अतिथि भूपेंद्र कुमार साहू एपीसी समग्र शिक्षा शिक्षा विभाग बेमेतरा, सरपंच ग्राम पंचायत जांता पूजा देवव्रत मिश्रा एवं उमा जाटव अधीक्षिका बालिका छात्रावास सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। 

मां दुर्गा के नौ स्वरूपों व जंवारा की झांकी की प्रस्तुति 
कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं मंत्रोच्चार के साथ हुआ। विद्यार्थियों द्वारा मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आकर्षक एवं मनमोहक झांकी प्रस्तुत की गई। वहीं छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपरा और संस्कृति को दर्शाते हुए जंवारा की सुंदर प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।
गरबा एवं डांडिया में अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक लिया भाग 
नवरात्रि के उल्लास को बढ़ाते हुए विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में गरबा एवं डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया। इस बार कार्यक्रम की विशेष आकर्षण की बात यह रही कि गरबा एवं डांडिया में विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभिभावकों की सहभागिता ने पूरे आयोजन को पारिवारिक एवं आनंदमय बना दिया। बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों ने एक साथ गरबा की ताल पर कदम मिलाकर उत्सव में चार चांद लगा दिए।

रामलीला का मंचन कर दिया संदेश 
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान देवी स्तुति, भजन एवं नवरात्रि पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विद्यार्थियों द्वारा श्रीराम-लक्ष्मण एवं परशुराम संवाद, रामलीला तथा भगवान श्रीराम के जीवन एवं आदर्शों पर आधारित नृत्य-नाटिका का प्रभावशाली मंचन किया गया। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने सत्य, मर्यादा, धर्म एवं सदाचार का संदेश दिया। 
पर्व देता हैं हमें शक्ति, भक्ति, सत्य एवं सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा 
विद्यालय के प्राचार्य पीएल जायसवाल ने अपने उद्बोधन में नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ये पर्व हमें शक्ति, भक्ति, सत्य एवं सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भगवान श्रीराम एवं मां दुर्गा के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। 

रावण दहन के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन 
कार्यक्रम के समापन अवसर पर रावण के पुतले का दहन किया गया, जो असत्य पर सत्य एवं बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक रहा। इस दौरान विद्यालय परिसर “जय माता दी” के जयघोष से गूंज उठा। अंत में सभी उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को प्रसाद वितरित किया गया।
विद्यालय परिवार ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अभिभावकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता ने इस वर्ष के नवरात्रि एवं दशहरा समारोह को विशेष और यादगार बना दिया। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ