हड़ताल को मिला छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन का पूर्ण समर्थन
बेमेतरा 16 अक्टूबर 2026 - राजस्व पटवारी संघ जिला बेमेतरा के समस्त पटवारी अपनी पुरानी लंबित मांगों एवं वर्तमान में लागू पी वी ऐप्प तकनीक की खामियों के विरोध में आज चौथे दिन जय स्तंभ चौक स्थित धरना प्रदर्शन स्थल में पूरी एकजुटता के साथ डटे रहे और विभिन्न माध्यमों से अपनी समस्याओं व लंबित मांगों की ओर शासन का ध्यान आकृष्ट कराया।
आर पार की लड़ाई का निर्णय
पटवारी संघ अब आर पार की लड़ाई के मूड में आ गए हैं। अपने अनिश्चित कालीन हड़ताल के तीन दिन बीत जाने के बाद भी शासन प्रशासन से किसी भी प्रकार के राहत की उम्मीद नहीं मिलने से संघ ने अंतिम स्थिति तक डटे रहने का संकल्प दोहराया।
दो टूक जवाब मिलने से पुनः हड़ताल का संकल्प
ज्ञात हो कि हड़ताल के तीसरे दिन पटवारियों के साथ सचिव स्तर की बातचीत के लिए उन्हें बुलाया गया था, मगर अधिकारियों के द्वारा कार्य करने के लिए दो टूक जवाब मिलने के बाद संघ ने पुनः एक जुटता के साथ डटे रहने का संकल्प लिया।
भौगोलिक कार्य करना संभव नहीं
संघ का कहना है कि वर्तमान में खेतों में फसल लगा हुआ है एवं फसल भी ऊंचा होकर जल भराव की स्थिति में है, जिसके कारण प्रत्येक खेत के चारों कोनों में जाकर पीवी ऐप्प में फोटो ले पाना असंभव कार्य है। फसल गिरदावरी के लिए DSC डेटा के अलावा अनेक ग्रामों में हजारों खसरे फसल गिरदावरी हेतु शेष बचे हैं। इतने कम समय में और भौगोलिक परिस्थिति अनुसार कार्य कर पाना संभव नहीं है। अचानक लिए गए इस फैसले से एवं जबरिया थोपे गए त्रुटि पूर्ण तकनीक से राजस्व पटवारी संघ खास नाराजगी व्यक्त कर चुका है।
ऐप्प से कार्य का पूर्णता बहिष्कार
संघ का मानना है कि पटवारियों को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने एवं उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से यह ऐप्प अचानक लागू किया गया है, जिसका राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ पूर्णता बहिष्कार करता है। वर्तमान में फसल गिरदावरी का ऑनलाइन भुइयाँ पोर्टल से पूर्व वर्ष की भांति कराए जाने की मांग करता है।
मांगो को मिला समर्थन
पटवारियों के मांग के संबंध में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला बेमेतरा ने मंच पर आकर लिखित रूप में अपना पूर्ण समर्थन दिया है।
समर्थन और फेडरेशन को सूचना
फेडरेशन के महासचिव गैंद लाल खुटियारे एवं जिला उप संयोजक व छत्तीसगढ़ तृतीय कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष हितेंद्र कुमार सिन्हा ने अपने-अपने संबोधन में कहा है कि पटवारियों की जायज मांगों का छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन पूर्ण समर्थन करता है एवं पटवारियों की मांगों को फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा तक पहुंचाई जाएगी एवं फेडरेशन अपने स्तर पर पटवारियों की मांगो को शासन प्रशासन तक पहुंचाने हेतु कटिबद्ध है।
0 टिप्पणियाँ