रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता में बारगांव और देवरी के 4 खिलाड़ियों का हुआ चयन, दुर्ग जोन का करेंगे प्रतिनिधित्व

अंडर 14 वर्ष बालक/बालिका में भूषण साहू, प्रकाश प्रजापति, गूंजा साहू, अनन्या निषाद करेगी अपने खेल का प्रदर्शन 
बेमेतरा 14 अक्टूबर 2026 - रायपुर में आयोजित होने जा रही 26 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा हॉकी प्रतियोगिता के लिए बेरला ब्लॉक के ग्राम बारगांव और देवरी से 4 प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तर पर हुआ है। यह प्रतियोगिता दिनांक 15 से 18 अक्टूबर 2026 तक रायपुर में खेली जाएगी। चयनित खिलाड़ी अंडर-14 (बालक/बालिका) वर्ग में दुर्ग जोन का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। 

प्रशिक्षण एवं तैयारी 
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव में पदस्थ व्यायाम शिक्षिका एवं कोच तुलसी साहू के कुशल मार्गदर्शन में सभी प्रतिभावान खिलाड़ी खेल की बारीकियों का प्रशिक्षण ले रहे हैं और सुबह-शाम मैदान पर पसीना बहाकर खिलाड़ी राज्य स्तर पर जीत हासिल करने के लिए जी-तोड़ तैयारी कर रहे हैं। 

संभाग स्तरीय में जीत के बाद राज्य स्तर पर चयन 
सभी खिलाड़ियों ने राजनांदगांव में आयोजित संभाग स्तरीय चयन प्रतियोगिता में अपने उम्दा खेल का दमदार प्रदर्शन किया था, जिसके आधार पर इनका चयन राज्य स्तर के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ियों में बालक वर्ग (अंडर-14) में भूषण साहू (कक्षा 8 वीं, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला देवरी), प्रकाश प्रजापति (कक्षा 8वीं, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बारगांव) एवं बालिका वर्ग (अंडर-14) में गूंजा साहू (कक्षा 9वीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव), अनन्या निषाद (कक्षा 8वीं, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बारगांव) है। 

ग्रामीण प्रतिभाओं का राज्य स्तर पर चयन ऐतिहासिक उपलब्धि 
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्याम सिंह ने कहा कि "हमारे विद्यालय और अंचल के खिलाड़ियों का राज्य स्तर पर चयन होना बेहद गौरवपूर्ण उपलब्धि है, ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बस उन्हें सही मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है, हमारी विद्यालय की व्यायाम शिक्षिका कोच तुलसी साहू की कड़ी मेहनत और बच्चों के अनुशासित अभ्यास के कारण आज यह सफलता मिली है, मुझे पूरा विश्वास है कि ये खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दुर्ग जोन और हमारे क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। 

संकुल के बच्चों का राज्य स्तर पर चुना जाना गौरवशाली क्षण 
संकुल समन्वयक सुरेन्द्र पटेल ने कहा कि "हमारे संकुल अंतर्गत ग्राम बारगांव और देवरी के शासकीय विद्यालयों से चार विद्यार्थियों का राज्य स्तर पर चुना जाना पूरे अंचल के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण है, ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर इन बच्चों ने अपनी कड़ी मेहनत और कोच तुलसी साहू के बेहतरीन प्रशिक्षण की बदौलत यह मुकाम हासिल किया है, यह सफलता अन्य छात्र-छात्राओं को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेगी, मुझे पूर्ण विश्वास है कि ये खिलाड़ी रायपुर में भी शानदार खेल दिखाते हुए क्षेत्र का गौरव बढ़ाएंगे। 

बच्चे राज्य स्तर पर लहराएंगे परचम 
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए व्यायाम शिक्षिका एवं कोच तुलसी साहू ने कहा कि इन बच्चों ने मैदान पर अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। राजनांदगांव में आयोजित संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद सराहनीय था। राज्य स्तर पर दुर्ग जोन का प्रतिनिधित्व करना हमारे स्कूल और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है, मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी रायपुर में भी अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और सफलता का परचम लहराएंगे। 

विद्यालय स्टाफ ने दी शुभकामनाएं 
इस उपलब्धि पर विद्यालय के समस्त स्टाफ ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राज्य स्तर पर विजयी होने के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ