रोल ऑब्जर्वर ने किया मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण, दावा-आपत्ति की तिथि 3 नवंबर तक बढ़ी, निराकरण 6 तक

जिलें में 3 सरपंच एवं 14 पंचों के उप निर्वाचन तथा नपं मारो के आम निर्वाचन की प्रक्रिया जारी 
बेमेतरा 30 अक्टूबर 2026 - छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग रायपुर द्वारा नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2026 के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने के कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। आयोग द्वारा दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 3 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण 6 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। 

रोल ऑब्जर्वर ने जिलें का भ्रमण कर ली जानकारी 
इसी क्रम में निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्य के लिए आयोग द्वारा नियुक्त रोल ऑब्जर्वर एवं अपर कलेक्टर रायपुर सुश्री अभिलाषा पैकरा ने 30 अक्टूबर 2026 को बेमेतरा जिले का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने जिले में चल रहे निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी ली। 
3 सरपंच, 14 पंचों के उप निर्वाचन सहित नपं मारो में आम निर्वाचन 
उल्लेखनीय है कि जिले में त्रिस्तरीय पंचायतों के अंतर्गत सरपंच के 3 एवं पंच के 14 रिक्त पदों पर उप निर्वाचन तथा नगर पंचायत मारो के आम निर्वाचन के लिए मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया जारी है। निरीक्षण के दौरान सुश्री पैकरा ने नगर पंचायत मारो में निर्धारित स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची से संबंधित प्राप्त हो रहे दावा-आपत्तियों की प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने वहां कार्यरत प्राधिकृत कर्मचारियों से चर्चा कर पुनरीक्षण कार्य की प्रगति एवं प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।

कार्य पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ नियमों के अनुरूप हो 
रोल ऑब्जर्वर सुश्री पैकरा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचक नामावली तैयार करने का कार्य पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ निर्धारित नियमों के अनुरूप किया जाए। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे, इसके लिए प्राप्त दावा-आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण एवं निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार हो सके।
निरीक्षण में रहे शामिल  
निरीक्षण के दौरान सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार नांदघाट सुमीत देवांगन, लाइजनिंग ऑफिसर एवं सहायक संचालक मत्स्य विभाग जिला बेमेतरा श्रीमती अनीता भारद्वाज तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पंचायत मारो मनीष ठाकुर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। 




By - Bemetara Halachal (बेमेतरा हलचल) प्रमोद गुप्ता - 8959681096, 9424124522 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ