मानवता की मिसाल : बेमेतरा पुलिस जवानों ने रक्तदान कर बचाई मरीज की जान
बेमेतरा 16 सितम्बर 2026 - जिला चिकित्सालय बेमेतरा में भर्ती एक गंभीर मरीज के शरीर में रक्त की कमी होने की जानकारी मिलते ही उसके परिजन चिंतित और परेशान हो गए। तत्काल रक्त की आवश्यकता होने पर परिजनों ने सहायता के लिए पुलिस नियंत्रण कक्ष बेमेतरा से संपर्क किया।
सूचना पर तत्काल मदद
सूचना प्राप्त होते ही बेमेतरा पुलिस के स्टाफ ब्लड डोनर्स ग्रुप से जुड़े रक्तदाता प्रधान आरक्षक गौरी शंकर शर्मा, आरक्षक नीरज सिन्हा एवं आरक्षक जीवन राम बंजारे ने मानवता का परिचय देते हुए मरीज को रक्तदान करने का निर्णय लिया। तीनों पुलिस जवान तत्काल जिला चिकित्सालय बेमेतरा पहुंचे और मरीज को आवश्यक रक्त उपलब्ध कराया।
समय में सहायता पर आभार
समय पर रक्त मिलने से मरीज की स्थिति में सुधार हुआ और उसके परिजनों ने राहत की सांस ली। भावुक परिजनों ने जिला पुलिस बेमेतरा एवं रक्तदाता पुलिस जवानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
जरूरतमंद की सहायता करना हमारा दायित्व
इस अवसर पर रक्तदाता पुलिस जवानों ने कहा कि "जनसेवा और मानव सेवा ही पुलिस का प्रथम कर्तव्य है। जरूरतमंद लोगों की सहायता करना हमारा दायित्व है।"
कार्य की प्रशंसा
बेमेतरा पुलिस के इस सराहनीय एवं मानवीय कार्य की आमजन द्वारा प्रशंसा की जा रही है। यह पहल पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग को और अधिक मजबूत करने का कार्य कर रही है।
0 टिप्पणियाँ