सभी समितियां दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ऐसे पर्व मनाएं कि कानून व्यवस्था और धार्मिक भावनाएं प्रभावित न हो - नगर पालिका बेमेतरा अध्यक्ष विजय सिंहा

आगामी गणेश चतुर्थी व विभिन्न पर्व-त्योहारों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा पर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न 

जिले में गणेश उत्सव सहित विभिन्न पर्व त्योहारों को शांति, सौहार्द्र एवं आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण मनाने हेतु की गई अपील 
बेमेतरा 09 सितम्बर 2026 - आगामी गणेश उत्सव व विभिन्न पर्व-त्योहारों के मद्देनजर जिला मुख्यालय बेमेतरा के पुराना रेस्ट हाऊस में आज 09 सितम्बर 2026 को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं एवं पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव के मार्गदर्शन में बेमेतरा नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, एसडीएम श्रीमती दिव्या पोटाई, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का, थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला, तहसीलदार अनिरूद्ध मिश्रा, वार्ड पार्षद, अन्य जन प्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सहित जिले के गणमान्य नागरिक एवं प्रिंट तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधिगण की उपस्थिति में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। 

सौहार्द्र, भाईचारा और शांतिपूर्ण वातावरण
बैठक में आगामी गणेश चतुर्थी एवं गणेश उत्सव सहित विभिन्न पर्व -त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में सामाजिक सौहार्द्र, आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने संबंधी विषयों पर गहन चर्चा की गई। 

सभी समितियां दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ऐसे पर्व मनाएं कि कानून व्यवस्था और धार्मिक भावनाएं प्रभावित न हो 
बैठक में बेमेतरा नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने गणेश उत्सव समितियों से आपसी समन्वय, भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द के साथ पर्व को मनाने की अपील की। उन्होनें कहा कि गणेश उत्सव आस्था के साथ सामाजिक एकता और सद्भाव का पर्व हैं। बेमेतरा जिला हमेशा से सामाजिक समरसता और भाईचारे की मिसाल रहा है। सभी समितियां प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और ऐसे किसी गतिविधिय से बचे, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित न हो अथवा किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों। 

यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि आगामी त्योहार शांति, अनुशासन और आपसी सहयोग के साथ सम्पन्न हों 
अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज ने कहा कि बेमेतरा जिला हमेशा से सामाजिक समरसता और भाईचारे की मिसाल रहा है। यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि आगामी त्योहार शांति, अनुशासन और आपसी सहयोग के साथ सम्पन्न हों। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पर्व-त्योहारों के दौरान पेयजल आपूर्ति, बिजली व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएँ और स्वच्छता की स्थिति पूरी तरह दुरुस्त रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं और नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। 

तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने वालों के विरुद्ध की जाएगी कड़ी कार्यवाही 
एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी पर्व-त्योहारों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों और डीजे के उपयोंग में निर्धारित नियमों का पालन करने तथा अत्यधिक तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों से दूर रहें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस अथवा प्रशासन से संपर्क करें। 

प्रकाश, सुरक्षा, भीड नियंत्रण पर जोर 
बैठक में पंडालों में पर्याप्त प्रकाश एवं अग्नि सुरक्षा, भीड नियंत्रण एवं वायलेंटियर की व्यवस्था पर भी जोर दिया गया। 

दिशा निर्देशों की जानकारी 
बैठक में यह जानकारी दी गई कि आगामी गणेश उत्सव व विभिन्न पर्व-त्योहारों में पंडाल सड़कों पर न बनाए जाएं, जिससे आवागमन बाधित न हो और आमजन को परेशानी न हो। केवल मिट्टी से बनी प्रतिमाओं की स्थापना की अनुमति होगी। पंडालों की सुरक्षा की जवाबदारी आयोजकों की होगी तथा सभी पूजा पंडालों के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन लेना अनिवार्य रहेगा। आगामी गणेश उत्सव, पर्व-त्योहारों के दौरान किसी प्रकार के अन्य आयोजन के लिए एसडीएम से पूर्व अनुमति लेना आवश्यक होगा। समिति के अध्यक्ष और सदस्यों की सूची संबंधित थाना में उपलब्ध कराना भी अनिवार्य रहेगा। 

सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का आग्रह 
बैठक में उपस्थित गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी, जन प्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों सहित जिले के गणमान्य नागरिकों से आगामी पर्व-त्योहार के दौरान सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का आग्रह किया गया। 

अपील - जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई है कि आगामी गणेश उत्सव, पर्व-त्योहार शांति, सौहार्द्र एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान उपद्रव या हुडदंग करने वालों के विरूद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ