कलेक्टर के निर्देश पर जिला अस्पताल बेमेतरा में साप्ताहिक टाइप-1 डायबिटीज क्लीनिक का हुआ शुभारंभ
प्रत्येक बुधवार को होगा नियमित संचालन, मिलेगा जिले के बच्चों को लाभ
बेमेतरा 09 सितंबर 2026 - स्वास्थ्य विभाग जिला बेमेतरा कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर के मार्गदर्शन में आज दिनांक 09 सितंबर 2026 को जिला अस्पताल बेमेतरा में बच्चों में होने वाले टाइप-1 डायबिटीज के बेहतर प्रबंधन एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के उद्देश्य से साप्ताहिक टाइप-1 डायबिटीज क्लीनिक का शुभारंभ किया गया।
शुभारंभ अवसर पर उपस्थिति
इस अवसर पर डॉ बीएल राज जिला स्वास्थ्य अधिकारी (DHO), डॉ लोकेश साहू सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, डॉ नीतेश चौबे शिशु रोग विशेषज्ञ, डॉ ऋषभ शर्मा नोडल अधिकारी आरबीएसके, राहुल RMNCH+A सलाहकार, डॉ स्वाति यदु अस्पताल प्रबंधक, आरती दत्ता मेट्रन एमसीएच, नर्सिंग आफिसर, एनसीडी नोडल अधिकारी, स्टाफ नर्स एवं काउंसलर गोविंद सिंह उपस्थित रहे।
बच्चों को स्वास्थ्य लाभ एवं मार्गदर्शन
इस क्लीनिक के माध्यम से टाइप-1 डायबिटीज से प्रभावित बच्चों को नियमित चिकित्सकीय परामर्श, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, काउंसलिंग एवं निःशुल्क इंसुलिन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही बच्चों एवं उनके अभिभावकों को मधुमेह के बेहतर प्रबंधन एवं नियमित फॉलो-अप हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
प्रत्येक बुधवार को नियमित संचालन
WJCF के तकनीकी सहयोग से यह क्लीनिक प्रत्येक बुधवार को नियमित रूप से संचालित किया जाएगा, जिससे बेमेतरा जिले के टाइप-1 डायबिटीज से प्रभावित बच्चों को उनके निकट ही निरंतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
0 टिप्पणियाँ