किसानों की सुविधा हमारी प्राथमिकता - विधायक दीपेश साहू

नवीन धान उपार्जन केन्द्र तिवरैया की स्वीकृति पर किसानों ने जताया विधायक दीपेश साहू का आभार 
बेमेतरा 09 सितंबर 2026 - बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तिवरैया, रवेली, खम्हरिया (आर) एवं टेमरी क्षेत्र के किसानगण आज विधायक कार्यालय पहुंचकर बेमेतरा विधायक दीपेश साहू से भेंट की और क्षेत्र के किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नवीन धान उपार्जन केन्द्र तिवरैया की स्वीकृति दिलाने के लिए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। 
      किसानों ने कहा कि तिवरैया में नवीन धान उपार्जन केन्द्र प्रारंभ होने से आसपास के ग्रामों के किसानों को धान बेचने के लिए दूर स्थित उपार्जन केन्द्रों तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे किसानों के समय, श्रम एवं परिवहन व्यय की बचत होगी और उन्हें अपनी उपज बेचने में सुविधा मिलेगी। किसानों ने नवीन धान उपार्जन केन्द्र की स्वीकृति को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए विधायक दीपेश साहू के प्रति आभार व्यक्त किया। 

क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी राहत - किसान 
इस अवसर पर किसानों ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र के किसान अपने गांव के नजदीक धान उपार्जन केन्द्र की आवश्यकता महसूस कर रहे थे। नवीन केन्द्र की स्वीकृति से तिवरैया सहित आसपास के ग्रामों के किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। किसानों ने कहा कि किसानों की सुविधा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए विधायक द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। 

किसानों की सुविधा हमारी प्राथमिकता 
विधायक दीपेश साहू ने किसानों का आभार स्वीकार करते हुए कहा कि क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह हमारी प्राथमिकता है। तिवरैया में नवीन धान उपार्जन केन्द्र की स्वीकृति से आसपास के ग्रामों के किसानों को अपने गांव के नजदीक धान बेचने की सुविधा मिलेगी और उन्हें अनावश्यक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। 
   उन्होंने कहा कि किसानों की आवश्यकताओं और स्थानीय समस्याओं को शासन के समक्ष लगातार रखा जा रहा है। प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के हित में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। धान उपार्जन व्यवस्था को और अधिक सुविधाजनक एवं सुगम बनाने की दिशा में भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और किसानों की सुविधा से जुड़े कार्यों के लिए वे आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे। 

विधायक से मिलने वालों में 
इस अवसर पर खम्हरिया (आर) सरपंच भगवती साहू, तिवरैया सरपंच प्रतिनिधि ईश्वरी प्रसाद, रवेली सरपंच सुशील चतुर्वेदी, उपसरपंच तिवरैया भूखन साहू, पंच रमेश निषाद, अशोक साहू सहित क्षेत्र के किसानगण एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ