बेमेतरा के परेड ग्राउण्ड में ध्वजारोहण कार्यक्रम के पश्चात सांसद ने छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "साइबर जागृति अभियान" में भागीदारी कर किया अपील
बेमेतरा 15 अगस्त 2026 - प्रदेशवासियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सुरक्षित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक “साइबर जागृति अभियान” का प्रदेशव्यापी आयोजन किया जा रहा है। देश की आजादी की भावना से प्रेरित यह अभियान साइबर अपराध के विरुद्ध जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक जागरूकता फैलाने तथा छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध से सुरक्षित बनाने की दिशा में एक अभिनव पहल है।
“साइबर जागृति अभियान” का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा द्वारा किया गया। प्रदेश स्तरीय शुभारंभ के साथ ही अभियान को प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तर पर व्यापक रूप से संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज जिला बेमेतरा में 15 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने जिला मुख्यालय बेमेतरा के ऐतिहासिक बेसिक स्कूल परेड ग्राउण्ड में ध्वजारोहण कार्यक्रम के पश्चात, छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर तक चलाए जा रहे "साइबर जागृति अभियान" के अंतर्गत समस्त अतिथिगण एवं मीडिया के साथियों के समक्ष ‘जागरूकता की एक सेल्फी’ ली एवं नागरिकों को इस विशेष अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
अभियान का उद्देश्य
“साइबर जागृति अभियान” के उद्देश्य, इसकी थीम, साइबर अपराधों से बचाव के उपायों तथा जिले में अभियान के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट हुए थे, उसी प्रकार साइबर अपराध के विरुद्ध भी समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना होगा।
अभियान की मुख्य थीम - “साइबर जागृति की एक सेल्फी”
“साइबर जागृति अभियान” की मुख्य थीम “साइबर जागृति की एक सेल्फी” है। अभियान के अंतर्गत नागरिक छत्तीसगढ़ पुलिस एवं जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर जारी लिंक को क्लिक कर अथवा QR कोड को स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली “सेल्फी फ्रेम” में अपनी सेल्फी लेकर उसे अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर पोस्ट एवं शेयर करेंगे।
प्रदेशभर के लाखों नागरिकों द्वारा इस सेल्फी फ्रेम को सोशल मीडिया पर साझा किए जाने से साइबर अपराध के प्रति जागरूकता का संदेश उनके मित्रों, फॉलोअर्स एवं अन्य नागरिकों तक पहुंचेगा। इस प्रकार सोशल मीडिया की व्यापक पहुंच का उपयोग करते हुए साइबर सुरक्षा के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
सांसद ने जिलेवासियों से अपील की कि वे अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें, “साइबर जागृति की एक सेल्फी” लें और उसे सोशल मीडिया पर शेयर करें। उन्होंने विशेष रूप से सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, संस्थानों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, प्रोफेशनल्स, कलाकारों, युवाओं एवं विद्यार्थियों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
जिले में सात सप्ताह तक होंगे विशेष जागरूकता कार्यक्रम
“साइबर जागृति अभियान” को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बेमेतरा पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक सात सप्ताह के दौरान विभिन्न वर्गों एवं संस्थानों को केंद्रित करते हुए साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पहले सप्ताह :- डिजिटल सतर्कता और बुनियादी सुरक्षा के लिए स्कूल/कॉलेजों में अभियान।
दूसरे सप्ताह :- वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा पर बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों में अभियान।
तीसरे सप्ताह :- डिजिटल अरेस्ट और फ़र्जी कॉल के विषय पर वरिष्ठ नागरिकों के संग टाउन हॉल का आयोजन।
चौथे सप्ताह :- स्मार्टफोन प्राइवेसी और सेफ ब्राउज़िंग पर महिला कॉलेजों, सामुदायिक समूहों के बीच अभियान।
पांचवे सप्ताह :- जॉब फ्रॉड और फिशिंग को लेकर युवाओं को जागरूक करने रोजगार कार्यालयों, आईटीआई और कौशल विकास केंद्रों में कार्यक्रम का आयोजन।
छठवें सप्ताह :- डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया की सीमाओं के विषय पर अभियान।
सातवें सप्ताह :- ग्राम पंचायतों, निकायों में गांधी जयंती के उपलक्ष्य में साइबर मुक्त छत्तीसगढ़ का "संकल्प" अभियान।
अभियान का समापन :- 02 अक्टूबर 2026 'गांधी जयंती' के दिन "साइबर जागृति अभियान" का समापन किया जाएगा। इस अवसर पर साइबर अपराध से मुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
जिला पुलिस टीमों एवं स्थानीय थानों द्वारा सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, पार्क और बाजारों में पोस्टर-बैनर के माध्यम से QR Code को प्रचारित किया जाएगा। साथ ही राज्य पुलिस एवं जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से एवं व्हाट्सएपप ग्रुप्स में लिंक को शेयर कर अधिक से अधिक लोगों को सेल्फी लेने एवं सोशल मीडिया में शेयर करने प्रोत्साहित किया जाएगा।
इसके साथ ही बेमेतरा पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स तथा विभिन्न व्हॉट्स ऐप समूहों के माध्यम से अभियान की लिंक एवं जागरूकता संबंधी संदेश साझा किए जाएंगे तथा नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर शेयर करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराध के विरुद्ध लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी नागरिक जागरूक रहें, अपनी व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित पुलिस थाना अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 को दें।
“जागरूक बनें, सुरक्षित रहें - साइबर अपराध के विरुद्ध एकजुट हों”
इस अवसर पर बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू, नगर पालिका अध्यक्षक विजय सिन्हा, बेमेतरा जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमाजय दिवाकर, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा एवं जिले के कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं (भा.प्र.से.) एवं पुलिस अधीक्षक बेमेतरा त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) व वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी, सभी विभागो के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र छात्राएं व बडी संख्या में नगरवासी उपस्थिति रहे।
0 टिप्पणियाँ