कलेक्टर, एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा, जिला सीईओ मुख्य अतिथि बन ली परेड की सलामी
बेसिक स्कूल मैदान में गूंजे देशभक्ति के स्वर, परेड से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक व्यवस्थाओं का हुआ अंतिम पूर्वाभ्यास
बेमेतरा 13 अगस्त 2026 - जिले में स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को गरिमामय, भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से मनाने के लिए गुरुवार को बेसिक स्कूल मैदान बेमेतरा में स्वतंत्रता दिवस समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में सम्पन्न हुआ। सुबह 9 बजे से आयोजित पूर्वाभ्यास के दौरान 15 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया। इस दौरान परेड, मार्चपास्ट, सलामी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सुरक्षा व्यवस्था, बैठक व्यवस्था सहित विभिन्न तैयारियों का अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया।
जिला सीईओ मुख्य अतिथि बन ली परेड की सलामी
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं एवं पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के नेतृत्व में समारोह की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। मुख्य अतिथि की भूमिका जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री प्रेमलता पद्माकर ने निभाई। उन्होंने परेड में शामिल पुलिस बल, नगर सैनिक दल, स्काउट-गाइड एवं एनसीसी की टुकड़ियों का निरीक्षण कर सलामी स्वीकार की। परेड में शामिल जवानों एवं विद्यार्थियों ने पूरे अनुशासन और जोश के साथ कदमताल करते हुए राष्ट्रीय ध्वज एवं राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को प्रदर्शित किया।
टुकड़ियों ने दी परेड में अपनी प्रस्तुति
पूर्वाभ्यास के दौरान मैदान में पुलिस बल एवं विभिन्न टुकड़ियों की अनुशासित मार्चपास्ट, बैंड की देशभक्ति धुनों और कदमताल से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत नजर आया। परेड में शामिल सभी टुकड़ियों ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप अपनी प्रस्तुति दी। अधिकारियों ने परेड के दौरान आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी होगी आकर्षक प्रस्तुति
15 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं भारतीय संस्कृति पर आधारित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। इन प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों द्वारा देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विरासत एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को रेखांकित किया जाएगा। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों एवं प्रस्तुतियों का भी पूर्वाभ्यास किया गया, ताकि मुख्य समारोह के दौरान कार्यक्रम व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से सम्पन्न हो।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का होगा सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों, संस्थाओं एवं व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट सेवाओं एवं उल्लेखनीय कार्यों के लिए पुरस्कार एवं पदक वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रोशनी से जगमगाएंगे प्रमुख स्थल
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिले के शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों, राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों तथा प्रमुख स्थलों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इसके माध्यम से शहर में राष्ट्रीय पर्व की भव्यता और देशभक्ति का वातावरण निर्मित होगा। प्रमुख स्थलों पर की जाने वाली विद्युत सजावट नागरिकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, नवागढ़ एसडीएम श्रीमती पिंकी मनहर, बेरला एसडीएम श्रीमती दिव्या पिटाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा स्कूली एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं, पुलिस बल, एनसीसी, स्काउट-गाइड एवं नगर सैनिक दल के सदस्यों ने भी पूर्वाभ्यास में सहभागिता की। अधिकारियों ने समारोह स्थल पर मंच व्यवस्था, परेड एवं सलामी की व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। संबंधित विभागों को समारोह के दौरान आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
तैयारियों को दिया अंतिम रूप
फुल ड्रेस रिहर्सल के सफल आयोजन से 15 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। देशभक्ति से भरे माहौल और अनुशासित प्रस्तुतियों ने यह स्पष्ट कर दिया कि बेमेतरा में स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रीय गौरव, गरिमा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ