एसपी ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं की समीक्षा कर कार्यों में गुणवत्ता एवं त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
पीएम राहत योजना, आई-रेड एवं ई-डार प्लेटफॉर्म के माध्यम से सड़क दुर्घटना पीड़ितों का कैशलेस उपचार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर
लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने एवं ऑनलाइन पोर्टल पर समयबद्ध प्रविष्टियों के दिए निर्देश
बेमेतरा 24 अगस्त 2026 - पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (IPS) द्वारा पुलिस कार्यालय बेमेतरा के सभा कक्ष में पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शाखाओं के कार्यों की प्रगति, लंबित प्रकरणों एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
शीघ्र निराकरण के निर्देश
एसपी त्रिलोक बंसल ने सभी शाखा प्रभारियों से उनके शाखा से संबंधित कार्यों की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य करने का मार्गदर्शन दिया। उन्होंने लंबित फाइलों एवं प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पोर्टल में प्रविष्टियां दर्ज व जागरूकता अभियान चलाने पर जोर
उन्होंने ई-डार एवं आई-रेड पोर्टल पर सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित प्रविष्टियां समयबद्ध तरीके से दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति आम नागरिकों में जागरूकता लाने के लिए निरंतर जन जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।
पीएम राहत योजना का प्रभावी क्रियान्वयन
एसपी ने मोटरयान दुर्घटनाओं में घायल पीड़ितों को पीएम राहत योजना, आई-रेड एवं ई-डार प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिकतम सात दिनों के भीतर नामित अस्पतालों में 1.50 लाख रुपये तक की कैशलेस उपचार सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रिकॉर्ड संधारण व प्रकरणों के निराकरण के निर्देश
बैठक में एसपी ने सभी शाखा प्रभारियों को शाखाओं के रिकॉर्ड को व्यवस्थित रूप से वर्षवार संधारित करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित मेडिकल बिल, यात्रा भत्ता, सिक, अवकाश एवं गैरहाजिरी प्रकरणों के निराकरण, विभिन्न फर्मों से प्राप्त लंबित बिलों के आहरण/भुगतान, पेंशन प्रकरणों पर समयबद्ध कार्रवाई तथा हिट एंड रन प्रकरणों में पीड़ितों को नियमानुसार सहायता राशि दिलाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने फंड शाखा से संबंधित पासबुक का समय पर संधारण, ओबी रजिस्टर में समयबद्ध इंद्राज, जरायम रजिस्टर को अपडेट रखने तथा वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त शिकायतों, पत्रों एवं विभागीय लंबित जांच प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
आरोपियों के फिंगरप्रिंट/अंगुल चिन्ह
एसपी श्री बंसल ने प्रत्येक प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों के फिंगरप्रिंट/अंगुल चिन्ह लिए जाने तथा गंभीर प्रकरणों के आरोपियों की MCU में एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त शिकायत, जांच एवं पत्रों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन कर निर्धारित समय-सीमा में सही जानकारी भेजने तथा वेब पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
गुणवत्ता व व्यवहार में सुधार के निर्देश
एसपी ने सभी शाखा प्रभारियों से अपने दायित्वों का जिम्मेदारी, तत्परता एवं पारदर्शिता के साथ निर्वहन करने तथा पुलिसिंग की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने का आह्वान किया। उन्होंने पुलिस कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों के साथ शालीन, संवेदनशील एवं मैत्रीपूर्ण व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बेहतर सेवा प्रदान करना प्राथमिकता
बैठक के दौरान एसपी ने स्पष्ट किया कि कार्यालयीन कार्यों में समयबद्धता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ-साथ आम नागरिकों को बेहतर सेवा प्रदान करना जिला पुलिस की प्राथमिकता है।
बैठक में उपस्थिति
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, डीएसपी श्रीमती शशी कला उईके, मुख्य लिपिक हरिओंम विश्वकर्मा, स्टेनो संतोष सोनवानी, रीडर-1 निरीक्षक कृष्णकांत सिंह, उप निरीक्षक (अ) प्रदीप देशमुख, सहायक उप निरीक्षक प्रवीण लोहले, महेंद्र भुआर्य, अजय देवांगन, दीपक गर्जेवाल, सहायक उप निरीक्षक विष्णु सप्रे, रीडर-2 प्रधान आरक्षक वर्षा चौबे, प्रधान आरक्षक ताम्रध्वज देशमुख, खोमलाल साहू, शिवनंदन दिवाकर, आरक्षक मनीष देवांगन, दीपक साहू, अर्जुन चंद्राकर, गेल्विन साहू, अखिलेश क्षत्री, सतीश साहू, भारत साहू, बिरेन्द्र चंद्राकर, ताम्रध्वज देशमुख, सुरेश यादव, राजेश नाथ योगी, महिला आरक्षक भारती राजपूत, प्रियंका सिंह, द्रोपती ठाकुर, संध्या विश्वकर्मा, सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ