कम्प्यूटर साइंस एवं केमिकल इंजीनियरिंग में प्रवेश का अवसर, 8 अगस्त तक ऑनलाइन पंजीयन
बेमेतरा 4 अगस्त 2026 - तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में अपना भविष्य संवारने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए शासकीय पॉलिटेक्निक थान खम्हरिया जिला बेमेतरा में संचालित डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश का सुनहरा अवसर उपलब्ध है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कम्प्यूटर साइंस इंजीनियरिंग एवं केमिकल इंजीनियरिंग डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु चतुर्थ चरण (4th Round) की प्रवेश प्रक्रिया वर्तमान में प्रारंभ हो चुकी है।
संस्था के प्राचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत 10वीं उत्तीर्ण (पीपीटी के माध्यम से), आईटीआई उत्तीर्ण तथा 12 वीं (गणित विषय सहित) उत्तीर्ण अभ्यर्थी निर्धारित नियमों के अनुसार प्रवेश के लिए पात्र हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 31 जुलाई 2026 प्रातः 10 बजे से 8 अगस्त 2026 रात्रि 11:59 बजे तक ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। प्रवेश के लिए तैयार की गई मेरिट सूची 12 अगस्त 2026 को सायं 5 बजे जारी की जाएगी, जिसके पश्चात चयनित अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर संस्था में प्रवेश की औपचारिकताएं पूर्ण कर सकेंगे।
प्राचार्य ने बताया कि शासकीय पॉलिटेक्निक थान खम्हरिया में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक प्रयोगशालाएं, अनुभवी प्राध्यापक, व्यवहारिक प्रशिक्षण तथा रोजगारोन्मुख शिक्षण व्यवस्था उपलब्ध कराई जाती है। यहां अध्ययनरत विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता विकसित करने के साथ विभिन्न औद्योगिक एवं रोजगार के अवसरों के लिए भी तैयार किया जाता है। उन्होंने जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन पंजीयन कर प्रवेश प्रक्रिया में भाग लें तथा तकनीकी शिक्षा के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाएं। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी शासकीय पॉलिटेक्निक थान खम्हरिया से संपर्क कर सकते हैं।
0 टिप्पणियाँ