तिरंगे को हाथ में लेकर चलना केवल एक कार्यक्रम का हिस्सा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान और जिम्मेदारी को व्यक्त करने का हैं अवसर - जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी

गुधेली स्कूल में सैकड़ों छात्र-छात्राओं द्वारा निकली गई भव्य तिरंगा साइकिल यात्रा 

जिपं अध्यक्ष के नेतृत्व में भव्य तिरंगा साइकिल यात्रा का आयोजन, साथ ही सायकल वितरण एवं वृक्षारोपण 
बेमेतरा 11 अगस्त 2026 - देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश लेकर 11 अगस्त 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ग्राम गुधेली में जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी के नेतृत्व में भव्य तिरंगा साइकिल यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक, ग्रामीण एवं क्षेत्र के नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। 
     कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर पूजा-अर्चना एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने देशभक्ति के उत्साह के साथ साइकिल यात्रा प्रारंभ की। डीजे एवं देशभक्ति गीतों के बीच तिरंगा यात्रा जब गांव की गलियों से निकली तो पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उनके हाथों में लहराते तिरंगे यात्रा के आकर्षण का केंद्र रहे। 

तिरंगे को हाथ में लेकर चलना केवल एक कार्यक्रम का हिस्सा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान और जिम्मेदारी को व्यक्त करने का हैं अवसर - श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी 
जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने विद्यार्थियों के साथ यात्रा में सहभागिता करते हुए कहा कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का पर्व अब केवल तीन दिन दूर है। यह समय देश के उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों को याद करने का है, जिनके त्याग और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सम्मान के साथ जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगे को हाथ में लेकर चलना केवल एक कार्यक्रम का हिस्सा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान और जिम्मेदारी को व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने घर-परिवार एवं आसपास के लोगों को भी तिरंगे के सम्मान और देशभक्ति के इस अभियान से जोड़ें। 
    श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के माध्यम से एकता और राष्ट्रप्रेम के सूत्र में जोड़ने वाला अभियान है। केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान में नागरिकों को तिरंगा अपने घरों पर सम्मानपूर्वक फहराने और स्वतंत्रता दिवस की भावना को उत्साह के साथ मनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 9 से 17 अगस्त के बीच ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से देशभर में तिरंगे के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाता रहा है।  

अध्यक्ष का क्षेत्रवासियों से अपील 
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तिवारी ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि 15 अगस्त के अवसर पर हर घर तिरंगा फहराएं और अपने बच्चों एवं युवाओं को देश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रध्वज के महत्व के बारे में बताएं। उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि हमारे व्यवहार, कर्तव्य और समाज के प्रति जिम्मेदारी में भी दिखाई देनी चाहिए।

दिखा देशभक्ति का जोश, राष्ट्रगौरव के साथ मनाने का आह्वान 
तिरंगा साइकिल यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् एवं देशभक्ति के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ यात्रा में सहभागिता करते हुए राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। ग्राम गुधेली में आयोजित यह तिरंगा साइकिल यात्रा विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायी अवसर बनी। कार्यक्रम के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रगौरव के साथ मनाने का आह्वान किया गया। 
सायकल वितरण एवं वृक्षारोपण 
कार्यक्रम के दौरान सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल का वितरण भी किया गया। साइकिल प्राप्त होने पर छात्राओं में खुशी और उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साइकिल मिलने से उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और उनकी पढ़ाई भी सुगम होगी। 
      साथ में पर्यावरण को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने के लिए स्कूल में वृक्षारोपण (पौधारोपण) किया गया है। 

आयोजन में शामिल 
आयोजित आयोजन में भाजपा किसना नेता योगेश तिवारी, सरपंच श्रीमती सीमा परमेश्वर निषाद, नेतराम परगनिहा, जीतू साहू वार्ड पंच, शिव चौहान, प्रचार्य रामकृपाल वैष्णो, त्रिवेणी साहू, मनीषा साहू, अनीता पाटिल, प्रधान पाठक केआर साहू, सचिव कमलेश देसलहरे, केके वर्मा, वीरेंद्र दुबे, मनोज सिन्हा, प्रियांशु सिंह, सन्त सिन्हा एवं ग्रामीण शामिल हुए। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ