जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न, आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर हुए महत्वपूर्ण चर्चा

कलेक्टर व एसपी के निर्देश पर अपर कलेक्टर एवं एएसपी ने ली सामाजिक धार्मिक व राजनीतिक लोगों की बैठक  

जिले में आगामी पर्व-त्योहारों को शांति, सौहार्द्र एवं आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण मनाने हेतु की गई अपील 
बेमेतरा 08 अगस्त 2026 - आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर जिला मुख्यालय बेमेतरा के पुराना रेस्ट हाऊस में आज 08 अगस्त 2026 को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं एवं पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज एवं एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का, तहसीलदार अनिरूद्ध मिश्रा, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला, जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सहित जिले के गणमान्य नागरिक एवं प्रिंट तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधिगण की उपस्थिति में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। 
     बैठक में आगामी हरेली, ईद-ए-मिलाद (मिलाद-ऊन- नबी), रक्षा बंधन, कांवर यात्रा, कृष्ण जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी, दुर्गा उत्सव, दशहरा एवं दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जिले में सामाजिक सौहार्द्र, आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने संबंधी विषयों पर गहन चर्चा की गई। 

डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित 
बैठक को संबोधित करते हुए एएसपी डॉ. हरीश यादव ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी पर्व-त्योहारों में डीजे बजाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा तथा अत्यधिक तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों से दूर रहें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस अथवा प्रशासन से संपर्क करें। 

त्योहार शांति, अनुशासन और आपसी सहयोग से मनाएं  
अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज ने कहा कि बेमेतरा जिला हमेशा से सामाजिक समरसता और भाईचारे की मिसाल रहा है। यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि आगामी त्योहार शांति, अनुशासन और आपसी सहयोग के साथ सम्पन्न हों। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पर्व-त्योहारों के दौरान पेयजल आपूर्ति, बिजली व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएँ और स्वच्छता की स्थिति पूरी तरह दुरुस्त रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं और नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। 

सुरक्षा संबंधी दी गई जानकारी 
बैठक में यह जानकारी दी गई कि आगामी पर्व-त्योहारों में पंडाल सड़कों पर न बनाए जाएं, जिससे आवागमन बाधित न हो और आमजन को परेशानी न हो। केवल मिट्टी से बनी प्रतिमाओं की स्थापना की अनुमति होगी। पंडालों की सुरक्षा की जवाबदारी आयोजकों की होगी तथा सभी पूजा पंडालों के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन लेना अनिवार्य रहेगा। आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान गरबा एवं आर्केस्ट्रा के आयोजन के लिए एसडीएम से पूर्व अनुमति लेना आवश्यक होगा। समिति के अध्यक्ष और सदस्यों की सूची संबंधित थाना में उपलब्ध कराना भी अनिवार्य रहेगा। 

सद्भाव बनाए रखने का आग्रह 
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों सहित जिले के गणमान्य नागरिकों से आगामी पर्व-त्योहार के दौरान सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का आग्रह किया गया।

आमजन से अपील 
जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई है कि आगामी पर्व-त्योहार शांति, सौहार्द्र एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान उपद्रव या हुडदंग करने वालों के विरूद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ