वीबीजीरामजी के शुभारंभ में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी हुई शामिल
बेरला में हुआ ब्लॉक व जिला स्तरीय राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन
बेमेतरा 02 जुलाई 2026 - बेमेतरा जिले के विकासखंड बेरला के नगर बेरला में आयोजित ब्लॉक स्तरीय जन सम्मेलन एवं विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM-G) योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी शामिल हुई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, ग्रामीणों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति में योजना का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि ‘विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण)’ का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का विस्तार करना, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य करना है। यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ पंचायतों में विकास के कार्यों को गति देना है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान किए जाएंगे, जिससे वे अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार या स्वरोजगार शुरू कर सकें। साथ ही स्व-सहायता समूहों, ग्रामीण उद्यमियों एवं जरूरतमंद परिवारों को आजीविका के नए साधनों से जोड़ने, कौशल विकास, उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना भी है और जब पंचायतों में आर्थिक विकास से गांव मजबूत होंगे, तब विकसित भारत का संकल्प भी साकार होगा। इसके लिए शासन द्वारा विभिन्न योजनाओं को एकीकृत रूप से लागू कर ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
अपने संबोधन में श्रीमती तिवारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आजीविका, कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वयं का रोजगार स्थापित करने का आग्रह किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए तथा ग्रामीणों को योजना की विस्तृत जानकारी देकर उन्हें इससे जोड़ने का कार्य किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा ग्रामीणों को स्वरोजगार, कौशल विकास एवं आजीविका से संबंधित योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अवधेश सिंह चन्देल, सरपंच संघ अध्यक्ष पिंटू सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ, जनप्रतिनिधिगण, पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ