शिक्षा-स्वास्थ्य विभाग जवाबदेही से कार्य करें - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं

लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें - कलेक्टर 

साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने की विभागों के कार्यों की समीक्षा, शिक्षा व स्वास्थ्य पर जोर 
बेमेतरा 21 जुलाई 2026 - कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने समस्त विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने विभागों में लंबित प्रकरणों का निराकरण गुणवत्तापूर्ण तरीके से तय समय-सीमा में करें। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 
    कलेक्टर सुश्री ममगाई ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जवाबदेहीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। 

शिक्षा एवं स्वास्थ्य पर विशेष फोकस 
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सीधे तौर पर आमजन से जुड़े विभाग हैं। इन विभागों में सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखना आवश्यक है। 
     उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले की सभी शालाओं में शिक्षकों की निर्धारित समय पर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियां समय पर शुरू हों और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इसके लिए सतत मॉनिटरिंग की जाए। 
    स्वास्थ्य विभाग के संबंध में कलेक्टर ने कहा कि अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को समय पर और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। दवाओं, उपकरणों और स्टाफ की उपलब्धता नियमित रूप से जांची जाए। 

लंबित प्रकरणों पर सख्ती 
बैठक में विभिन्न विभागों में लंबे समय से लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि उनके विभाग से संबंधित शिकायतें, आवेदन और जनसुनवाई के प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। निराकरण की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और प्रत्येक प्रकरण का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। 

कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे यह सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों का दायित्व है। 
       बैठक में जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ