शाला प्रवेशोत्सव केवल बच्चों का विद्यालय में प्रवेश कराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति समाज को जागरूक करने का हैं एक महत्वपूर्ण अभियान - भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी

शाला प्रवेशोत्सव एवं न्योता भोज में शामिल हुए भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी, बच्चों का बढ़ाया उत्साह 
बेमेतरा 09 जुलाई 2026 - जिलें के विकासखंड बेमेतरा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला ग्राम भुरकी (संकुल केंद्र निनवा) में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव एवं न्योता भोज कार्यक्रम में भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी शामिल हुए। इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंटकर आत्मीय स्वागत किया गया तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में जन प्रतिनिधियों, शिक्षकों, पालकों एवं ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति रही।  
      इस अवसर पर भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। एक शिक्षित समाज ही मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने माता-पिता, गुरुजनों और गांव का नाम रोशन करने का आह्वान किया। 
      उन्होंने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव केवल बच्चों का विद्यालय में प्रवेश कराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति समाज को जागरूक करने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना और उसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए शासन, शिक्षक, अभिभावक एवं समाज को मिलकर कार्य करना होगा। 
    किसान नेता योगेश तिवारी ने न्योता भोज की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम विद्यालय, अभिभावकों और समाज के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करता है। जब समाज शिक्षा से जुड़ता है, तब बच्चों में विद्यालय के प्रति अपनापन बढ़ता हैं और उनके सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए परिवार और विद्यालय का समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षक केवल किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व, संस्कार, अनुशासन और भविष्य का निर्माण करते हैं। एक अच्छा शिक्षक ही एक अच्छे समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव तैयार करता है।  
     कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा सभी बच्चों के साथ न्योता भोज में सहभागिता कर आत्मीयता एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। विद्यालय परिसर में बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था। 
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ मिलकर पौधा रोपा और सभी से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी बच्चों की तरह देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष ही जीवन का आधार हैं और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। 
        कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, पालकगण, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं सरपंच श्रीमती प्रमिला टंडन, रमेश टंडन, विजय गर्ग, राजेश दिवान, प्रधान पाठक कमलेश निषाद, राजकुमारी, शांति, पूर्व सरपंच कल्याण निषाद, पंच पुरुषोत्तम, धनीराम भारती, कोटवाल धनसिंह, महावीर, आजु सोनवानी, बाबूलाल चेलक, सुशील सोनवानी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का वातावरण शिक्षा, संस्कार, सहयोग और सामाजिक सहभागिता की भावना से ओत-प्रोत रहा। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ