सिटी कोतवाली व नवागढ़ के ब्लाइंड मर्डर में पहचान व आरोपी की गिरफ्तारी पर 5000 रु इनाम घोषित

डीआईजी रामकृष्ण साहू ने तीन ब्लाइंड मर्डर मामलों की समीक्षा की 

प्रकरण की शीघ्र एवं विधिसम्मत निराकरण हेतु विशेष पुलिस टीम गठित, आरोपी की गिरफ्तारी हेतु सतत प्रयासरत 
बेमेतरा 09 जुलाई 2026 - पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (IPS) ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय बेमेतरा में लंबित ब्लाइंड मर्डर मामलों की समीक्षा बैठक लेकर विवेचना की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा के दो तथा थाना नवागढ़ के एक ब्लाइंड मर्डर सहित अन्य गंभीर अपराधों की जांच की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मामलों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं विधिसम्मत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 
     बैठक में थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा के उस मामले की समीक्षा की गई, जिसमें 06 दिसंबर 2024 को ग्राम तिवरैया स्थित शिवनाथ नदी एनीकट में एक अज्ञात पुरुष का सड़ी-गली अवस्था में शव मिला था। मर्ग जांच, पोस्टमार्टम एवं रासायनिक परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर हत्या कर शव को नदी में फेंके जाने की पुष्टि होने पर धारा 103 (1) एवं 238 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। मृतक की आयु लगभग 30 से 35 वर्ष आंकी गई है। उसने नारंगी रंग की फुलबांह टी-शर्ट (जिस पर "New York 1999" अंकित है), काला सैंडो बनियान, स्लेटी रंग का RVG ब्रांड का अंडरवियर, काला-भूरा मफलर तथा दोनों पैरों में काले रंग के मोजे पहन रखे थे। 
        इसी प्रकार 22 जून 2025 को ग्राम रांका के तावा भाठा नहर में सीमेंट पाइप के भीतर एक अज्ञात महिला का शव मिलने के मामले की भी समीक्षा की गई। जांच में हत्या कर शव फेंके जाने की पुष्टि होने पर धारा 103 (1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। मृतका की आयु लगभग 25 से 35 वर्ष तथा लंबाई करीब 4.65 फीट है। उसने पीले-सफेद रंग की लाइनिंगदार कुर्ती, नीले रंग की लेगिंग, दोनों हाथों में प्लास्टिक की चूड़ियां, दोनों कानों में मोती वाले बाले तथा बाएं पैर में गुलाबी रंग की चप्पल पहन रखी थी। घटनास्थल से एक गुलाबी रंग की महिला चप्पल तथा एक नीले रंग का लक्स कोजी कंपनी का पुरुष अंडरवियर भी बरामद हुआ था। 
    बैठक में थाना नवागढ़ के वर्ष 2022 के लंबित ब्लाइंड मर्डर प्रकरण की भी समीक्षा की गई। इस मामले में 10 जुलाई 2022 को बाघुल-नवागढ़ मार्ग के किनारे पानी से भरे गड्ढे में एक व्यक्ति का शव मिला था। जांच में मृतक की पहचान शत्रुहन मानदेव (31 वर्ष) निवासी बहू नवागांव थाना एवं जिला बेमेतरा के रूप में हुई। पोस्टमार्टम एवं विवेचना में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 302 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। 
    समीक्षा के दौरान बताया गया कि दो मामलों में अज्ञात मृतक एवं मृतिका की पहचान तथा तीनों मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी है। 
     पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (IPS) ने दो मामलों में अज्ञात पुरुष एवं महिला की पहचान तथा तीनों मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति के लिए 5000 रुपये के नगद इनाम की घोषणा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। 
      उन्होंने मामलों के शीघ्र निराकरण के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन करते हुए निर्देश दिए कि तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं अंतरजिला समन्वय के माध्यम से जांच को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। विवेचना में थाना प्रभारियों के सहयोग के लिए निरीक्षक मयंक मिश्रा, निरीक्षक चंद्रदेव वर्मा, निरीक्षक कृष्णकांत सिंह, निरीक्षक दुलेश्वर चंद्रवंशी, उप निरीक्षक योगेश अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। 
     बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, निरीक्षक सोनल ग्वाला, निरीक्षक मयंक मिश्रा, निरीक्षक चंद्रदेव वर्मा, निरीक्षक कृष्णकांत सिंह, निरीक्षक दुलेश्वर चंद्रवंशी, उप निरीक्षक योगेश अग्रवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ