सेवा सेतु पोर्टल बना विद्यार्थियों के सपनों का सेतु : समय पर मिले प्रमाण पत्र से MBA की राह हुई आसान

विभिन्न प्रमाण पत्रों के साथ विवाह पंजीयन एवं नाम परिवर्तन हेतु राजपत्र प्रकाशन की सेवाएं भी हुईं ऑनलाइन 

सेवा सेतु से सेवा हुई सरल, समय पर मिले दस्तावेज तो साकार हुए शिक्षा के सपने 
बेमेतरा 25 जून 2026 - छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित "सेवा सेतु पोर्टल" आमजन के लिए सुविधाओं का एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। पोर्टल के माध्यम से अब विभिन्न प्रमाण पत्रों की सेवाओं के साथ-साथ शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विवाह पंजीयन तथा नाम परिवर्तन हेतु राजपत्र (गजट) प्रकाशन जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं भी ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे नागरिकों को घर बैठे आवेदन करने और समयबद्ध रूप से सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा हो रही है। 
       सेवा सेतु पोर्टल की उपयोगिता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बेमेतरा जिले के ग्राम राउरपुर निवासी जीवन कुमार कोशले पिता दाऊ लाल कोशले की सफलता की कहानी के रूप में सामने आया है। जीवन कुमार कोशले को अपनी उच्च शिक्षा के अंतर्गत MBA पाठ्यक्रम की काउंसलिंग एवं प्रवेश प्रक्रिया के लिए आय एवं स्थायी जाति प्रमाण पत्र की अत्यंत आवश्यकता थी। प्रवेश प्रक्रिया की समय-सीमा निकट होने के कारण उन्हें आवश्यक दस्तावेज समय पर प्राप्त होने की चिंता थी। ऐसे में उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया। 
    आवेदन के पश्चात प्रारंभिक प्रक्रिया के तहत अस्थायी जाति प्रमाण पत्र जारी किया गया। इसके कुछ समय बाद आवश्यक परीक्षण एवं औपचारिकताएं पूर्ण होने पर SDM बेमेतरा द्वारा सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से स्थायी जाति प्रमाण पत्र तत्काल ऑनलाइन जारी कर आवेदक को उपलब्ध कराया गया। साथ ही आवश्यक आय प्रमाण पत्र भी समय पर प्राप्त हो गया, जिससे उनकी MBA काउंसलिंग एवं प्रवेश प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हो सकी। 
 समय पर दस्तावेज प्राप्त होने से जीवन कुमार के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। उन्होंने बताया कि यदि प्रमाण पत्र समय पर नहीं मिलते तो उनकी आगे की पढ़ाई प्रभावित हो सकती थी, लेकिन सेवा सेतु पोर्टल की सरल एवं पारदर्शी व्यवस्था के कारण उन्हें समय पर सभी आवश्यक दस्तावेज प्राप्त हो गए। 
      जीवन कुमार कोशले ने छत्तीसगढ़ शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि, "मेरे द्वारा MBA की तैयारी की जा रही है, जिसके लिए आय एवं स्थायी जाति प्रमाण पत्र की तत्काल आवश्यकता थी। सेवा सेतु ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से मुझे आवश्यक प्रमाण पत्र समय पर प्राप्त हुए, जिससे मेरी काउंसलिंग प्रक्रिया में कोई बाधा नहीं आई। इसके लिए मैं छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन बेमेतरा का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करता हूं।" 
     सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से प्रमाण पत्रों, विवाह पंजीयन एवं राजपत्र प्रकाशन जैसी सेवाओं के ऑनलाइन होने से नागरिकों का समय और श्रम दोनों बच रहे हैं। यह व्यवस्था शासन की डिजिटल सुशासन, पारदर्शिता एवं जनसुविधा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। 
      जीवन कुमार कोशले की यह कहानी इस बात का प्रमाण है कि तकनीक आधारित सेवाएं न केवल प्रशासन को अधिक प्रभावी बना रही हैं, बल्कि युवाओं के सपनों को भी समय पर नई उड़ान देने का कार्य कर रही हैं। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ