मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ऐतिहासिक घोषणा से बेमेतरा को मिली नर्सिंग कालेज की बड़ी सौगात

बेमेतरा जिलें की बहुप्रतीक्षित मांग को विधायक दीपेश साहू के निवेदन पर मुख्यमंत्री ने दी स्वीकृति 

बेमेतरा शहर में नर्सिंग कॉलेज खुलने का मार्ग हुआ प्रशस्त, विधायक ने मुख्यमंत्री व सरकार का माना आभार 
बेमेतरा 14 जून 2026 - मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 31 मई 2026 को बेमेतरा के बेसिक स्कुल मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह, लोकार्पण भूमिपुजन एवं समाधान शिविर सुशासन तिहार के दौरान बेमेतरा जिले को एक ऐतिहासिक सौगात प्राप्त हुई। प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बेमेतरा में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की घोषणा कर जिले के लाखों युवाओं, विशेषकर बेटियों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त किया। 
   इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंदीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित प्रदेश सरकार के अनेक मंत्री, विधायक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। 
  कार्यक्रम के दौरान बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने जिले की बहुप्रतीक्षित मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष रखते हुए बेमेतरा में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की मांग की थी। जनभावनाओं का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तत्काल नर्सिंग कॉलेज की घोषणा कर जिलेवासियों को बड़ी सौगात दी। 
   मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद कार्यक्रम में उपस्थित नवविवाहित जोड़ों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने विधायक दीपेश साहू के नेतृत्व में मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। लंबे समय से जिले के छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक नर्सिंग कॉलेज की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी होने जा रही है। 
    इस महत्वपूर्ण घोषणा पर विधायक दीपेश साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय बेमेतरा जिले के शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में नए युग की शुरुआत करेगा।
    विधायक दीपेश साहू ने कहा कि नर्सिंग कॉलेज की स्थापना से जिले की बेटियों एवं युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा उपलब्ध होने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा। 
  उन्होंने कहा कि नर्सिंग कॉलेज प्रारंभ होने से जिले के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध होने से जिले की स्वास्थ्य सेवाएं भी और अधिक सुदृढ़ होंगी। इसके साथ ही आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं प्राप्त होंगी। 
   श्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार शिक्षा, स्वास्थ्य एवं युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। बेमेतरा को मिली यह सौगात आने वाले वर्षों में जिले के विकास की नई पहचान बनेगी। 
    विधायक दीपेश साहू ने पुनः मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह घोषणा केवल एक शैक्षणिक संस्थान की स्थापना नहीं, बल्कि जिले के हजारों युवाओं के सपनों को साकार करने वाला ऐतिहासिक निर्णय है।