भाजपा अघोषित रूप से लोगों के घरों में डाका डालने का काम कर रही हैं - जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा

कांग्रेस का 17 जून को विद्युत मंडल कार्यालय का घेराव तथा मुख्यमंत्री का पुतला दहन एवं 18 जून को विद्युत दर बढ़ोतरी के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन 
बेमेतरा 16 जून 2026 - जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा अध्यक्ष एवं बेमेतरा पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने भाजपा की राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में घरेलू बिजली की दरों में 50 पैसे तक प्रति यूनिट बढ़ोतरी किए जाने को अघोषित रूप से सरकार के द्वारा आम जनता के घरों में डाका डालने की कार्यवाही कहा हैं। 
      पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने कहा कि भाजपा की चाहे केंद्र सरकार हो या राज्य सरकार दोनों ही सरकारी अपनी-अपनी जगह पूरी तरह से विफल हो चुकी है। डबल इंजन का जो कॉन्सेप्ट इन्होंने आम जनता के सामने रखा था, वह पूरी तरह से फेल हो चुका है। भाजपा सरकार अपने दिखावे एवं गुणगान करने के फेर में आम जनता का खूनचूसने का काम कर रही है। 
     पहले ही डीजल, गैस के दामों में प्रतिमाह 2 से 3 बार की जा रही बढ़ोतरी से आम आदमी की कमर टूटी हुई है, उस पर से बिजली बिल में बढ़ोतरी किया जाना वह भी तब जब राज्य सरकार आम जनता को बराबर विद्युत सप्लाई भी नहीं दे पा रही है, दिन में प्रतिदिन 4 से 5 घंटे विद्युत कटौती भीषण गर्मी में लोगों को झेलनी पड़ रही है। लोगों के घरों में लगातार बिजली कटौती के कारण विद्युत उपकरण खराब हो रहे हैं और उसे बनवाने का भार भी आम जनता को झेलना पड़ रहा है और बिजली बिल आसमान छू रहे हैं। 
   एक ओर जहां विद्युत मंडल ने लोगों से स्मार्ट मीटर के नाम पर बिजली बिल की लूट मचा रखी है, वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार द्वारा लगातार विद्युत की दरो में बढ़ोतरी किया जाना फिर से लोगों को लालटेन युग में ले जाने की तैयारी लग रहा है। जिस तरह भाजपा सरकार आज चारों दिशाओं में फेल हो चुकी है इनसे राज्य संभल नहीं रहा है। मुख्यमंत्री बने रहने के लिए पार्टी कार्यालय को मोटी रकम भेजने के नाम पर, लोगों को परेशान किया जा रहा है। 
    छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा द्वारा बिजली बढ़ोतरी को लेकर 17 जून को विद्युत मंडल कार्यालय का घेराव तथा मुख्यमंत्री का पुतला दहन का कार्यक्रम रखा गया है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने आम जनता से भी इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक सहभागिता के अपील की है, साथ ही साथ जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से 18 जून को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर विद्युत बढ़ोतरी के संबंध में बात रखी जाएगी।