अधिष्ठाता डॉ संदीप भंडारकर के मार्गदर्शन में किया गया कृषि महाविद्यालय बेमेतरा में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का दिया संदेश 
बेमेतरा 21 जून 2026 - अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रेवेंद्र सिंह वर्मा कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र ढोलिया (बेमेतरा) में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. संदीप भंडारकर के मार्गदर्शन में किया गया। 
    कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योगाभ्यास के दौरान शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। 
   इस अवसर पर विद्यार्थियों को बताया गया कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शरीर, मन और आत्मा के मध्य संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक तनाव कम होकर सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास का भी विकास होता है। 
अधिष्ठाता डॉ. संदीप भंडारकर ने कहा कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को योग के प्रति जागरूक रहते हुए इसे नियमित रूप से अपनाने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया। 
     कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने जीवन में अपनाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। योग, स्वास्थ्य एवं जागरूकता का यह आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ